अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर राजस्थान में अलग-अलग जिलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। बड़ी संख्या में आम जनों, स्कूली छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों के साथ ही नेताओं ने भी योगाभ्यास किया। खास बात यह रही कि कांग्रेस के ज्यादातर नेताओं ने योग दिवस आयोजनों से दूरी बनाए रखी। वहीं, भाजपा के ज्यादातर नेता सक्रिय दिखाई दिए। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने घर पर योग किया। वहीं, विधानसभा में उप-नेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया ने सीआरपीएफ जवानों के साथ। अशोकनगर थाने के बाहर धरना दे रहे सांसद किरोड़ीलाल मीणा ने धरनास्थल पर ही योगाभ्यास किया।
डॉ. सतीश पूनिया ने जयपुर के जयगढ़ फोर्ट पर सीआरपीएफ जवानों के साथ योगाभ्यास किया। डॉ. पूनिया ने कहा कि योग जोड़ने का काम करता है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योग ने पूरी दुनिया को एक सूत्र में पिरोकर वसुधैव कुटुंबकम को सार्थक किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व की ऐतिहासिक उपलब्धि है कि दुनिया के 180 से अधिक देश योग कर रहे हैं। संयुक्त राष्ट्र संघ मुख्यालय में विश्व के लोकप्रिय नेता नरेंद्र मोदी योग कर पूरी दुनिया को योग का संदेश दे रहे हैं। यह गौरवपूर्ण क्षण फिर भारत की मजबूत लीडरशिप को दुनिया के मंच पर प्रस्तुत करेगा।