राजस्थान के बाड़मेर जिले में खेजड़ी सहित हरे-भरे पेड़ों की अंधाधुंध कटाई को लेकर बवाल मचा हुआ है। सोलर कंपनी पर आरोप है कि उसने शिव उपखंड के बरियाड़ा और खोड़ाल गांवों में पेड़ों को काटकर कुछ को पेट्रोल छिड़ककर जला दिया और बाकी को जमीन में दबा दिया। इस कार्रवाई के विरोध में स्थानीय ग्रामीण लगातार धरने पर बैठे हैं और उनके साथ शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी भी मैदान में उतर आए हैं।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को विधायक भाटी ने खुद जेसीबी मशीन की मदद से जमीन में दबाए गए कटे पेड़ों को निकलवाया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे। विधायक ने चेतावनी देते हुए कहा कि काटे गए सभी पेड़ों को ट्रकों में भरकर जिला कलेक्ट्रेट ले जाया जाएगा और प्रशासन को सुपुर्द किया जाएगा, ताकि कोई इन्हें गायब न कर सके। उन्होंने कहा कि ऐसा पहले भी हो चुका है, जब सबूत मिटा दिए गए थे।