बारां जिले की अंता विधानसभा सीट पर उपचुनाव से ठीक पहले रविवार को कांग्रेस और भाजपा दोनों ने शक्ति प्रदर्शन किया। कांग्रेस की ओर से उम्मीदवार प्रमोद जैन भाया के समर्थन में भव्य रोड शो और आमसभा का आयोजन हुआ। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और वरिष्ठ नेता शांति धारीवाल समेत कई दिग्गजों ने भाग लिया। रोड शो जैन तीर्थ बमूलिया से शुरू होकर विभिन्न गांवों से होता हुआ मांगरोल पहुंचा, जहां कृषि उपज मंडी में आमसभा आयोजित की गई। इस दौरान जनता ने कई स्थानों पर स्वागत किया और फूल बरसाए।