मोहाली के सोहाना क्षेत्र के सेक्टर-82 स्थित मैदान में सोमवार शाम मशहूर कबड्डी प्रमोटर और खिलाड़ी कुंवर दिग्विजय सिंह उर्फ राणा बलाचौरिया की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि राणा बलाचौरिया की हत्या गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया का करीबी होने के चलते की गई। पुलिस के अनुसार राणा और जग्गू भगवानपुरिया के बीच कबड्डी टूर्नामेंटों को लेकर टाईअप था, इसे लेकर विरोधी गैंगों से रंजिश चल रही थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरमनदीप सिंह हंस ने बताया कि राणा बलाचौरिया की हत्या पूरी तरह सुनियोजित थी। बाइक पर सवार होकर आए दो शूटरों ने सेल्फी लेने के बहाने राणा के पास पहुंचकर 30 बोर पिस्टल से उनके सिर में गोली मारी। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से भाग गए।
एसएसपी हंस ने बताया कि मोहाली पुलिस की दो टीमें दिल्ली-एनसीआर और दो टीमें अमृतसर में दबिश दे रही हैं। पुलिस को इनपुट मिला है कि आरोपी इन इलाकों में छिपे हो सकते हैं। इसके अलावा एक तीसरे अज्ञात व्यक्ति की भूमिका भी संदिग्ध मानी जा रही है। पुलिस को शक है कि यही तीसरा व्यक्ति राणा बलाचौरिया को जानता था और उसी ने शूटरों को सेल्फी के बहाने राणा तक पहुंचाया। इस वारदात में रोपड़ के रहने वाले एक अन्य युवक जगप्रीत सिंह भी घायल हुआ है, जो वारदात के समय गोली लगने से जमीन पर गिरे राणा को उठाने के लिए गया था और छर्रे लगने से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस उससे भी पूछताछ कर रही है।