फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंजाब को काैन दहला रहा?: तीन घंटे में दो धमाके, सीएम मान ने भाजपा पर लगाया आरोप; DGP ने कहा-ISI का हाथ

Wed, 06 May 2026 02:28 PM IST
Nivedita न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

पंजाब के जालंधर और अमृतसर में देर रात हुए धमाकों के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। दोनों मामलों की जांच के लिए एनआईए की टीम पंजाब आ रही है। 
विज्ञापन
1 of 7
पंजाब में दो धमाके - फोटो : अमर उजाला
पंजाब में मंगलवार रात को जालंधर और अमृतसर में बीएसएफ हेडक्वार्टर के बाहर जबरदस्त धमाके हुए है। तीन घंटे के अंतराल पर हुए धमाकों से पुलिस प्रशासन में खलबली मची हुई है। वहीं लोगों में दहशत है। 

एनआईए ने मामलों की जांच शुरू कर दी है।

सीसीटीवी फुटेज में हुई कैद
वहीं दोनों मामलों के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं। जालंधर की फुटेज में स्कूटी में धमाके के बाद एक व्यक्ति माैके से भागता दिख रहा है। वहीं अमृतसर की फुटेज में धमाके की तेज आवाज सुनी जा सकती है।
 
Trending Videos
विज्ञापन

2 of 7
बीएसएफ कैंप की टीन शीट को धमाके में पहुंचा नुकसान - फोटो : ANI

सीएम मान ने भाजपा पर लगाया आरोप
अमृतसर और जालंधर में हुए धमाकों की घटनाओं पर पंजाब के सीएम भगवंत मान ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने श्री आनंदपुर साहिब में कहा कि इन धमाकों की जांच चल रही है। यह पंजाब चुनावों के लिए भाजपा की तैयारी है। भाजपा लोगों के बीच हिंसा और डर फैलाकर वोट हासिल करती है। मैं भाजपा से कहना चाहता हूं कि वह ऐसा करना बंद करे। पंजाब के लोग हमेशा शांति चाहते हैं। बीजेपी को जहां भी चुनाव लड़ना होता है, वह वहां जाकर झगड़े करवाती है। 

डीजीपी बोले-आईएसआई का हाथ
वहीं दोनों धमाकों पर डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि हमें शक है कि चूंकि ऑपरेशन सिंदूर की बरसी करीब है, इसलिए यह पंजाब में अशांति फैलाने के लिए पाकिस्तान की ISI की साजिश का एक हिस्सा है। 


यादव ने बुधवार को अमृतसर का दौरा किया। उन्होंने बताया कि खासा छावनी में स्थित सेना के कैंप की बाहरी दीवार के पास से कम तीव्रता के धमाके की सूचना मिली थी। इसके बाद, पंजाब बम निरोधक दस्ते, पंजाब पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञों के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया, और पूरे इलाके को पूरी तरह से सुरक्षित करने के बाद, वैज्ञानिक जांच के लिए घटनास्थल से नमूने एकत्र किए गए। कानून की संबंधित धाराओं के तहत एक एफआईआर दर्ज की गई है। सेना और अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर जांच की जा रही है। कई टीमें इस पर काम कर रही हैं। वे ह्यूमन इंटेलिजेंस, टेक्निकल इंटेलिजेंस और फोरेंसिक इनपुट की जांच कर रही हैं।

यादव ने कहा कि हम एक प्रॉक्सी वॉर के दौर से गुजर रहे हैं। हमें लगातार इनपुट मिलते रहते हैं और हम उन पर कार्रवाई करते रहते हैं। पंजाब एक फ्रंटलाइन राज्य है। इस घटना को लेकर अभी तक किसी ने कोई दावा नहीं किया है। इसलिए, हम इसकी जांच कर रहे हैं। ऐसा लगता है कि किसी ने एक इम्प्रोवाइज्ड डिवाइस (देसी बम) तैयार किया था। चूंकि वहां कोई तार नहीं मिले हैं, इसलिए पूरी संभावना है कि या तो यह एक टाइमर वाला धमाका था या फिर इसे रिमोट से किया गया था... हम सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण से मिले सुरागों पर काम कर रहे हैं। इसके पीछे ISI का हाथ होने की आशंका है। वे एक झूठा नैरेटिव गढ़ रहे हैं और यह दिखाने की कोशिश कर रहे हैं कि पंजाब में अशांति फैली हुई है। मैं यह कहना चाहूंगा कि पंजाब देश का सबसे शांतिपूर्ण राज्य है। पाकिस्तान की ISI के कुछ मुट्ठी भर तत्व पंजाब के हालात बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं।
 
विज्ञापन

3 of 7
राजकुमार वेरका - फोटो : ANI

चुनाव आने वाले हैं, इसलिए हो रहा है सब
कांग्रेस नेता राज कुमार वेरका ने कहा कि यह सब इसलिए हो रहा है क्योंकि राज्य में चुनाव होने वाले हैं। यह इलाका केंद्र सरकार के अधीन आता है। न तो केंद्र सरकार और न ही राज्य सरकार यहां की स्थिति को नियंत्रित कर पा रही है। मुझे लगता है कि पंजाब में चुनावों में धांधली करने की कोई साजिश रची जा रही है।

पंजाब में फिर सिर उठा रहा आतंकी नेटवर्क
पंजाब में एक बार फिर सुरक्षा हालात को लेकर गंभीर चिंता सामने आ रही है। पाकिस्तान समर्थित खुफिया एजेंसी, खालिस्तानी आतंकी नेटवर्क और गैंगस्टर-आतंकी गठजोड़ के सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं। हाल के घटनाक्रम और सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई से साफ है कि राज्य को अस्थिर करने की कोशिशें सुनियोजित तरीके से की जा रही हैं।

बीते महीनों में कई घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दी है। अप्रैल 2026 में पटियाला-राजपुरा रेल ट्रैक पर कम तीव्रता का आईईडी विस्फोट हुआ जिसे बड़े हमले की साजिश के तौर पर देखा गया। चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित भाजपा कार्यालय के बाहर ग्रेनेड हमला हुआ जिससे राजनीतिक और सुरक्षा हलकों में हलचल मच गई। जनवरी 2026 में गणतंत्र दिवस से पहले सिरहिंद रेलवे ट्रैक पर विस्फोट किया गया जबकि नवंबर 2025 में मोगा के सीआईए कार्यालय पर ग्रेनेड फेंका गया था। मार्च 2025 में अमृतसर के खंदवाला इलाके में धार्मिक स्थल के बाहर विस्फोट की घटना भी सामने आई जिसकी जांच एनआईए ने की थी।


 

4 of 7
जालंधर में धमाका - फोटो : ANI
डिलीवरी देने आए युवक की स्कूटी में हुआ था धमाका
जालंधर में मंगलवार रात को गुरप्रीत नाम का युवक कोरियर डिलीवरी के लिए बीएसएफ मुख्यालय आया था। वह अपनी स्कूटी बाहर खड़ी कर अंदर पार्सल देने गया लेकिन कुछ ही देर बाद पीछे खड़ी उसी स्कूटी में जबरदस्त धमाका हो गया। अधिकारी इस बात से इन्कार नहीं कर रहे हैं कि यह एक आतंकी घटना हो सकती है।



 
विज्ञापन

5 of 7
अमृतसर में बीएसएफ हेडक्वार्टर के बाहर खड़े पुलिसकर्मी - फोटो : ANI
अमृतसर में खासा कैंप के बाहर ब्लास्ट
अमृतसर में खासा कैंप के पास स्थित आर्मी कैंप के बाहर मंगलवार देर रात करीब 11 बजे जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों से बाहर निकल आए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आर्मी की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं और पूरे इलाके को घेरकर सुरक्षा कड़ी कर दी गई। 
विज्ञापन

6 of 7
जालंधर में बीएसएफ हेडक्वार्टर के पास धमाका, जांच करती पुलिस - फोटो : अमर उजाला
सुरक्षा एजेंसियों को कई बड़ी कामयाबियां भी मिलीं
सुरक्षा एजेंसियों ने कई बड़ी कामयाबियां भी हासिल की हैं। अप्रैल 2026 में तरनतारन से भारी मात्रा में आरडीएक्स और आधुनिक हथियार बरामद कर एक बड़े हमले को टाल दिया गया। जनवरी 2026 में होशियारपुर में बीकेआई से जुड़े मॉड्यूल से ढाई किलो आरडीएक्स, पिस्तौल और कारतूस बरामद हुए। गुरदासपुर, नवांशहर और अमृतसर में भी हथियारों की बरामदगी ने संकेत दिया कि आतंकी नेटवर्क सक्रिय हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

7 of 7
जालंधर में बीएसएफ हेडक्वार्टर के पास धमाका - फोटो : अमर उजाला
ड्रोन से तस्करी बड़ी चुनाैती
अंतरराष्ट्रीय सीमा से ड्रोन के जरिए हथियारों और विस्फोटकों की तस्करी बड़ी चुनौती बन चुकी है। अमृतसर और फिरोजपुर सेक्टर में कई बार पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से हथियार गिराए जाने के मामले सामने आए हैं। जांच में पता चला है कि इन गतिविधियों के पीछे पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स और विदेशों में सक्रिय खालिस्तानी आतंकी शामिल हैं। इनमें रंजीत नीटा और लखबीर लंडा जैसे नाम प्रमुख हैं।

गैंगस्टर-आतंकी गठजोड़ भी चुनौती
इस पूरे परिदृश्य में गैंगस्टर-आतंकी गठजोड़ नई चुनौती बनकर उभरा है। वर्ष 2025 में एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स ने 400 से अधिक गैंगस्टर मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया जिससे स्पष्ट हुआ कि संगठित अपराध और आतंकवाद के बीच तालमेल बढ़ रहा है। यही नेटवर्क स्थानीय स्तर पर हमलों को अंजाम देने और लॉजिस्टिक सपोर्ट देने में भूमिका निभा रहा है।

भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के घर पर ग्रेनेड हमला और पुलिस थानों को निशाना बनाए जाने की घटनाएं दर्शाती हैं कि आतंकी संगठनों का मकसद पंजाब के शांत माहौल को बिगाड़ना और डर फैलाना है। हालांकि पंजाब पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों की सतर्कता से कई साजिशें नाकाम हुई हैं। इसके बावजूद सीमा पार से मिल रहे समर्थन और स्थानीय नेटवर्क के कारण चुनौती बनी हुई है। पंजाब फिलहाल संवेदनशील दौर से गुजर रहा है जहां सुरक्षा तंत्र लगातार सतर्क है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें