फिल्म 'लव आज कल' के अभिनेता कार्तिक आर्यन ने कल और आज के जमाने की मोहब्बत के फलसफे पर दिल की बात बिंदास अंदाज में कही। उन्होंने कहा कि प्यार हो तो, पूरा होना चाहिए, या फिर न हो। उन्होंने सारा अली खान की आंखों में आंखे डालकर फिल्म का डॉयलाग बोला, आना तो पूरी तरह आना, वरना तो मत आना।
फिल्म 'लव आज कल' के सितारे कार्तिक और सारा मंगलवार को ताजनगरी में अमर उजाला के मेहमान बने। उन्होंने ताजखेमा में अमर उजाला ‘माई सिटी टॉक्स-लव आज कल’ प्रतियोगिता की चयनित जोड़ियों के सवालों के जवाब दिए। साथ ही अमर उजाला से खास बातचीत की।
उन्होंने बताया कि आगरा उनके लिए घर जैसा ही है। वो यहां के गली मोहल्लों से वाकिफ हैं, कई मर्तबा आ चुके हैं। ताजमहल के पार्श्व में हुए दोस्त की शादी में आए थे। कई बार ताज देखने आए।
कार्तिक आर्यन ग्वालियर के हैं, इसलिए दिल्ली से घर जाते हुए भी आगरा से होकर ही गुजरे हैं। फिल्म 'लुका छुपी' में शूटिंग मथुरा में हुई थी, इसलिए ब्रज भूमि से भी अच्छी तरह परिचित हैं। उन्होंने कहा कि फैन्स हमें सार्तिक कहते हैं, अच्छा लगता है। हमें इतना प्यार मिल रहा है।
कार्तिक ने एक सवाल के जवाब में कहा कि फिल्मों में उनके नाम चिंटू, गुड्डू, सोनू रहे हैं। 'लव आज कल' में वीर और रघू है। सभी नाम छोटे हैं, लोगों को पसंद हैं। ये मेरा गुडलक बन गए हैं। 'लुकाछिपी' में गुड्डू नाम स्क्रिप्ट में नहीं था, यह उन्होंने दिया था, निर्देशक को पसंद आ गया।
कार्तिक से सवाल किया गया कि अब तक की अभिनेत्रियों में सबसे ज्यादा कौन सी जोड़ी आपकी पसंद की रही। जवाब मिला, सार्तिक, यह नाम फैन्स ने ही दिया है। उन्होंने बताया कि उनकी अगली फिल्म दोस्ताना की शूटिंग पूरी होने वाली है। इसके बाद भूल भुलैय्या के सिक्वल में आएंगे।
आगरा पुलिस को मेरा सलाम
ताजखेमा में सिपाही नथवीर सिंह ने कार्तिक से सवाल किया कि सारा तो फिल्म सिंबा में पुलिस इंस्पेक्टर की बेटी का किरदार कर चुकी हैं। आप अब तक किसी फिल्म में पुलिसवाले के रोल में क्यों नहीं आए हैं?
इस पर कार्तिक ने कहा कि वो चाहते हैं कि पुलिसवाले का रोल करें। पुलिस बहुत अच्छा काम कर रही है। उन्होंने पहले आगरा की पुलिस की तारीफ की और फिर पूरे देश की पुलिस और सुरक्षाबलों के बारे में कहा कि वे रात दिन सुरक्षा में लगे रहते हैं, इसलिए ही हम बगैर परेशानी के काम कर पाते हैं।