पंचकल्याणक महोत्सव में शामिल श्रद्धालु
- फोटो : अमर उजाला
कुंडलपुर महोत्सव में आज धार्मिक अनुष्ठान शुरू हुए। भगवान के अभिषेक, शांतिधारा व नित्य पूजन के बाद आचार्य विद्यासागर महाराज की पूजा की गई। इसके बाद मुनि आदिसागर को केवल ज्ञान प्राप्त हुआ। आचार्यश्री के संघस्थ मुनियों ने लगभग 2000 प्रतिमाओं को सूरिमंत्र देकर उनकी प्राण प्रतिष्ठा की। कुंडलपुर के बड़े बाबा मंदिर में विराजमान नवीन प्रतिमाओं को भी सूरिमंत्र दिया गया।
भगवान के वस्त्र आभूषण लेने भक्तों में मची होड़
पंचकल्याणक में भगवान की प्रतिमाओं को पहनाए गए वस्त्र व सोने के आभूषण लेने भक्तों में होड़ मच गई। मूल विधि नायक भगवान के वस्त्र आभूषण की बोली 2 करोड़ 17 लाख में लगी। महोत्सव में आज करीब 1 लाख लोग शामिल हुए।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया और वीडी शर्मा हुए शामिल
पंचकल्याणक महोत्सव में शामिल होने के लिए आज केंद्रीय मंत्री सिंधिया और सांसद वीडी शर्मा भी पहुंचे और बड़े बाबा और विद्यासागर महाराज का आशीर्वाद लिया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने मीडिया से चर्चा में कहा कि मध्य प्रदेश वासी सौभाग्यशाली हैं कि आचार्यश्री का अधिकांश समय प्रदेश में गुजरा है। उनका आशीर्वाद और मार्गदर्शन हमें मिलता रहता है। सिंधिया ने कहा कि प्रदेश की जनता की खुशहाली के लिये आशीर्वाद लेने कुंडलपुर आया हूं। वहीं, वीडी शर्मा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि भगवान के दर्शन करने और आशीष लेने आया हूं।