फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मध्य प्रदेश: संत रविदास जयंती के कार्यक्रम में शामिल हुए कमलनाथ, भाजपा पर साधा निशाना, कहा- घोषणाओं का घड़ा भर गया है

Wed, 16 Feb 2022 07:30 PM IST
अंकिता विश्वकर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भोपाल

सार

संत रविदास जयंती के कार्यक्रम के अवसर पर पूर्व सीएम कमलनाथ सागर में कार्यक्रम में शामिल हुए।
विज्ञापन
1 of 7
सागर में आयोजित कार्यक्रम में कमलनाथ - फोटो : सोशल मीडिया
मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ संत रविदास जयंती के अवसर पर सागर के कजलीवन में आयोजित जनसभा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने सागर में कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि गुरू रविदास महान परोपकारी और समाज सुधारक संत रहे। मैं संत परंपरा के महान योगी और परमज्ञानी संत रविदास जी को प्रणाम करता हूं। संत रविदास जी ने अपना संदेश हर समाज में, हर जाति में, हर वर्ग में पहुंचाया था। उन्होंने कहा था कि मन चंगा तो कठोती में गंगा, इसका अर्थ है कि मन पवित्र है तो ईश्वर हृदय में निवास करता है। आज मुझे यहां आकर बहुत खुशी हुई। मैं सीएम था तब भी सागर आया था। आज फिर मैं संत रविदास जयंती पर आया हूं। मुझे खुशी है कि जो बात मैंने सीएम रहते हुए कही थी वो आज फिर से पूरी हो रही है। 
 
विज्ञापन

2 of 7
सागर में सेवा दल के कार्यकर्ताओं के साथ कमलनाथ - फोटो : अमर उजाला

डॉ. हरिसिंह गौर को मिले भारत रत्न: कमलनाथ
कमलनाथ ने कहा कि सागर प्रेम की नगरी है, मूल्यों की नगरी है। संस्कृति की नगरी है और यह डॉ. हरिसिंग गौर की भी नगरी है। आज हम डॉ. हरिसिंह गौर को भी याद करते हैं। डॉ. हरिसिंह गौर ने अपना पूरी जीवन शिक्षा के लिए समर्पित कर दिया। वे कुलपति रहे हमारे दिल्ली यूनिवर्सिटी के। उन्होंने बाबा साहेब अंबेडकर के साथ मिलकर काम किया और संविधान बनाया। वे उसी समिति में थे।  वह दिल्ली यूनिवर्सिटी के पहले कुलपति थे, उसके बाद नागपुर विश्वविद्यालय के कुलपति बने। उन्होंने 1946 में सागर विश्वविद्यालय की स्थापना की। गरीब परिवार से होने के बाद भी उस समय 20 लाख रुपये नगद और 2 करोड़ रुपये की अपनी संपत्ति दी। पूरा सागर मांग करता है कि हरिसिंह गौर को भारत रत्न दिया जाए। ये उनका सम्मान नहीं होगा, ये  शिक्षा के क्षेत्र का सम्मान होगा, मध्य प्रदेश का सम्मान होगा। हमारे सागर का सम्मान होगा।

 
विज्ञापन

3 of 7
सागर में सभा से पहले आम लोगों से मिलते कमलनाथ - फोटो : सोशल मीडिया
हमारे देश की संस्कृति जोड़ने की है: कमलनाथ
आम जनता को संबोधित करते हुए पूर्व सीएम ने कहा कि आप सब यहां आए मुझे बल और शक्ति दी। आप सब उस संस्कृति से जुड़े हुए हैं। जो हमारे देश की संस्कृति है। वो जोड़ने की संस्कृति है। हम कुल जोड़ते हैं, धर्म जोड़ते, संबंध जोड़ते हैं, रिश्ता जोड़ते हैं। समाज धर्म को जोड़ के रखते हैं। भारत के इतिहास को देखिए अशोका के समय से यही हमारी संस्कृति रही है। और दूसरा ऐसा कोई देश नहीं है। जहां इतने धर्म हों, इतनी जातियां हों इतनी भाषाएं हों, इतने त्यौहार हों, इतने रीति रिवाज हों। ये भारत है और अगर भारत आज एक झंडे के नीचे खड़ा है, तो भारत की संस्कृति ने भारत को जोड़ के रखा है। यही भारत की संस्कृति है और यही कांग्रेस की संस्कृति है। 

संविधान का राजनीति में उपयोग हो रहा है: कमलनाथ
कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर ने देश को संविधान दिया। कितनी बड़ी उनके सामने चुनौती थी। हमारे देश को ही संविधान नहीं दिया बल्कि कई देशों ने उनके बनाएं संविधान की नकल की। उन्होंने हमें ऐसा संविधान दिया जो पूरे विश्व में मशहूर है। पर अगर संविधान गलत हाथों में चला गया तो अपना देश कहां जाएगा। आज ये चित्र हमें देखने को मिल रहा है। जहां देखो ये चित्र हम देख रहे हैं। किस प्रकार से हमारे भारत की आकृति पर आक्रमण हो रहा है। किस प्रकार से हमारे संविधान का राजनीति में उपयोग किया जा रहा है। आज हमें सतर्क रहना है, क्योंकि इस सब से हमारा भविष्य जुड़ा है। नौजवानों भविष्य आपका है और आपको ये पहचानना है।  ये सच्चाई पहचाननी है। हम संस्कृति को कैसे जीवित रखें। हमारे संविधान के जो मूल्य हैं, जो नींव है उस पर किस तरह से अत्याचार हो रहा है। हमारे सबसे कमजोर वर्ग पर। एसटी, एससी वर्ग पर आप पढ़ते हैं अखबारों में किस तरह से उन पर अत्याचार हो रहा है। प्रदेश की तस्वीर आपके सामने है। आपको तय करना है कि आप अपनी संस्कृति के रास्ते में चलना चाहते हैं या मोदी जी के रास्ते पर चलना चाहते हैं। ये प्रश्न कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी का नहीं है। ये यक्ष प्रश्न कौन सा रास्ता अपनाएं ये हमारे सामने चुनौती है। 
 

4 of 7
सागर में कार्यक्रम में मौजूद आमजन - फोटो : अमर उजाला

प्रदेश का किसान भटक रहा है: कमलनाथ
प्रदेश सरकार निशाना साधते हुए पूर्व सीएम कमलनाथ ने कहा कि हमारी सरकार पूरे 15 साल बाद प्रदेश में बनी थी, आपने बनाई थी। मध्य प्रदेश की जनता ने बनाई थी। 15 महीने में से ढ़ाई महीने तो लोकसभा चुनाव और आचार संहिता में गए और बचे समय में कांग्रेस ने अपनी नियत और नीति का परिचय दिया। साढ़े ग्यारह महीनों में हमने परिचय दिया, किसानों का कर्जा माफ किया। मैं किसानों की बात करता हूं तो याद आता है कि हमारे प्रदेश की अर्थव्यवस्था हमारे किसानों पर आधारित है। ये सागर का बाजार चलता है, जब किसानों की जेब में कुछ पैसा होता है। भोपाल से यहां के बाजार में नहीं आता। किराने की दुकान चलती है, जब किसान के जेब में कुछ पैसा होता है। और किसान के साथ अन्याय ये दस्तूर आज आपके सामने है। कैसे किसान भटक रहा है खाद और बीज के लिए मुआवजे के लिए लड़ रहा है। हमने 27 लाख किसानों का कर्जा माफ किया। शिवराज सिंह चिल्लाते रहे कि माफ नहीं हुआ, माफ नहीं हुआ पर विधानसभा में ये आंकड़े उन्हें पेश करने पड़े। 27 लाख पहला किश्त था। दूसरे किश्त की शुरूआत की थी कि किसानों की कुछ आर्थिक मजबूती हो जाए। हमने बिजली बिल माफ किया। सौ रुपये में सौ यूनिट बिजली आपको भी दी। आप इसके गवाह हैं। हमने गौशाला का निर्माण शुरू किया जो गौशाला 15 साल में नहीं बनी वो कांग्रेस के शासनकाल में 15 महीने में बनी। ये सब आपके सामने है पेंशन बढ़ाई। मैं ये पूछता हूं कि मैंने कौन सा पाप किया, मैंने कौन सी गलती की कि मैंने नौजवानों की चिंता की, कि नौजवानों को रोजगार मिले, हमारे प्रदेश में निवेश आए। 

पूरी सरकार माफिया बनी बैठी है: कमलनाथ
हमारा प्रदेश 5 प्रदेशों से घिरा हुआ है, जिसको तमिलनाडु या केरल में अपना सामान बेचना है, वो क्या पंजाब में कारखाना लगाएगा, लेकिन मध्य प्रदेश में नहीं आता। क्योंकि मध्य प्रदेश में किसी को विश्वास नहीं। ये तस्वीर थी। मैंने मध्य प्रदेश में निवेश आए ऐसी कोशिश की क्या माफिया मध्य प्रदेश की तस्वीर बनेंगे। आज पूरी सरकार माफिया बनी बैठी है, इसके तो गवाह आप हैं। ये कौन से माफिया के खिलाफ लडेंगे। मैंने मेट्रो की योजना बनाई और जो भी बड़ी-बड़ी कंपनियों ने पैसा लिया था। मुझे बताया गया कि वो सब आज भटक रहे हैं। ये सब आपके सामने है। आज रेत का माफिया, शराब का माफिया कौन सा माफिया नहीं है। भूमि का माफिया ये तस्वीर आप सबके सामने है। कैसा प्रदेश शिवराज जी ने मुझे सौंपा था। जहां किसानों की आत्महत्या के मामले में मध्य प्रदेश नंबर वन, बेरोजगारी में मध्य प्रदेश नंबर वन ऐसा प्रदेश सौंपा था। महिलाओं के अत्याचारों पर प्रदेश नंबर वन, भ्रष्टाचार के मामले में प्रदेश  नंबर वन ये प्रदेश सौंपा था और कौन सी चुनौती नहीं थी, सबसे बड़ी चुनौती तो मैं मानता हूं हमारे नौजवानों के भविष्य की है। 

 
विज्ञापन

5 of 7
सागर में जनता को संबोधित करते कमलनाथ - फोटो : सोशल मीडिया
शिवराज जी की घोषणाओं का घड़ा भर गया: कमलनाथ
आज के नौजवान और 20 साल पहले के नौजवान में बहुत अंतर है। आज के नौजवान में अपनी सोच है, एक तड़प है। वो ठेका नहीं चाहता, वो कमीशन नहीं चाहता आज का नौजवान व्यवसाय का मौका या अपने हाथों में काम चाहता है। ये सबसे बड़ी चुनौती है। ये नौजवान ही हमारे मध्य प्रदेश का भविष्य बनाएंगे। ये नौजवान हमारे प्रदेश का भविष्य हैं। अगर इनता भविष्य अंधेरे में रहा तो कैसे निर्माण होगा मध्य प्रदेश का। ये आज सबसे बड़ी चुनौती है। आपको याद है मोदी जी क्या कहते थे। शिवराज जी क्या कहते थे। शिवराज जी तो उनके पाप का घड़ा तो भर गया है, घोषणाओं का घड़ा भर गया है। कुछ भी घोषणा करा लो उनसे, कुछ भी बुलवा लो, कलाकारी की राजनीति, ये क्या कलाकारी की राजनीति से हमारा भविष्य सुरक्षित रहेगा। मोदी जी कहते थे कि हर साल 2 करोड़ नौजवानों को रोजगार दूंगा। 50 फीसदी किसानों को नफा होगा। 15 लाख की बात तो छोड़िए। चार साल बाद जब आए नौजवानों की बात नहीं की। किसानों की बात नहीं की। पाकिस्तान की बात की, हमें राष्ट्रवाद समझाने लगे। क्या मोदी जी राष्ट्रवाद की बात हमें समझाएंगे। इनके पास कोई एक स्वतंत्रता सेनानी हो तो उसका नाम हमें बता दीजिए।  इनके पास एक स्वतंत्रता सेनानी नहीं है और ये राष्ट्रवाद का पाठ पढ़ा रहे है। किस कलाकारी से ध्यान तोड़ते हैं, मैं नाम भूल भी गया। स्टेंडअप इंडिया, मेड इन इंडिया, साइन इन इंडिया मौका मिलता है तरह तरह के नारे बना देते हैं लेकिन मंहगाई के बारे में बात नहीं करेंगे। बेरोजगारी के बारे में बात नहीं करेंगे, कोई बात हुई तो एक नया नारा लगा देंगे। ये सच्चाई है हम सब के सामने और शिवराज जी का क्या कहना। कहीं जाएंगे मैं किसान का बेटा हूं लेकिन सबसे ज्यादा किसानों की आत्महत्या मध्य प्रदेश में है। कहीं जाएंगे मैं मामा हूं, सबसे ज्यादा अत्याचार हमारे माताओं और बहनों पर और ये मामा हैं। 

ये पूछते हैं 70 साल में कांग्रेस ने क्या किया: कमलनाथ
सागर में कमलनाथ ने शिवराज सरकार और पीएम मोदी पर जमकर निशाना साधा कमलनाथ ने कहा कि आज आप सब के सामने प्रदेश की तस्वीर है ये पूछते हैं कि 70 साल में कांग्रेस ने क्या किया, मैं तो कहता हूं कि मोदी जी जिस स्कूल में आप गए  वो स्कूल कांग्रेस ने बनाया था। शिवराज जी जिस स्कूल में आप गए थे, वो स्कूल भी कांग्रेस ने बनवाया था और ये पूछते हैं कि कांग्रेस ने 70 साल में क्या किया। इनके पास एक ही चीज बची है पैसा और पुलिस, 20 महीने बचे हैं जितना बटोर सको बटोर लो। 

पुलिस वाले वर्दी की इज्जत करें: कमलनाथ
पूर्व सीएम ने पुलिसकर्मियों को वर्दी की इज्जत करने की नसीहत दी। कमलनाथ ने खुरई में हुई घटना का जिक्र करते हुए कहा कि पुलिस वाले भी सुन लें वर्दी की इज्जत करें, हमारा भी समय आएगा। सबसे हिसाब लिया जाएगा। खुरई के लोग समझ लें आपके पीछे पूरी कांग्रेस पार्टी है, कमलनाथ है और ये सब जो पुलिस का अत्याचार है। पुलिस की वर्दी पहनी है, पर जेब में भाजपा का फूल रखा हुआ है। ये कहीं भी हों मध्य प्रदेश का कोई भी आंदोलन हो कान खोल के सुन लें, आपने शपथ ली है। अपनी वर्दी का सम्मान करें, अपनी वर्दी की इज्जत करें। आप राजनैतिक शिकार न बनें समय इनका आने वाला है। और समय आप लाएंगे। ये तस्वीर प्रदेश की और देश की सबके सामने है। हमारा नौजवान हो किसान हो, भ्रष्टाचार सबके सामने है। स्मार्ट सिटी के नाम पर कितना भ्रष्टाचार, ये स्मार्ट सिटी नहीं है माफिया सिटी है। कांग्रेस का साथ मत देना, कमलनाथ का साथ मत देना पर सच्चाई का साथ देना।  

 
विज्ञापन

6 of 7
भोपाल में कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम - फोटो : सोशल मीडिया

प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में मनाई गई संत रविदास जयंती
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित संत रविदास की जयंती के कार्यक्रम में शामिल हुए। राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह सहित संगठन के पदाधिकारी और पार्टी कार्यकर्ता ने संत रविदास के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

 
विज्ञापन
विज्ञापन

7 of 7
भोपाल: कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते सांसद दिग्विजय सिंह - फोटो : सोशल मीडिया
इस मौके पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि आजादी के इतने वर्ष बाद भी देश में ऐसे कई गांव हैं जहां छुआ छूत चल रहा है। हमें संत रविदास जी के आयोजन तक सीमित नही रहना चाहिए, बल्कि हम सबको उनके आचरण अपनाना चाहिए। बीजेपी पर निशाना साधते हुए राज्यसभा सांसद ने कहा कि बीजेपी ने संत रविदास, भगवान बिरसा मुंडा, क्रांतिकारी टंट्या भील को आयोजन तक सीमित कर दिया है और बीजेपी इन सभी के सिद्धांतों के विपरीत काम करती है। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें