मध्य प्रदेश के रीवा में शनिवार का दिन काफी अहम रहा। इस दिन यहां 2,444 करोड़ रुपये की लागत वाली और 204 किमी कुल लंबाई की 7 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। सौगातें देने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी यहां पहुंचे थे। आकर्षण का केंद्र मोहनिया टनल रही। इसके बनने से रीवा से सीधी के बीच 7 किमी की लंबाई कम हो गई है, जिससे ढाई घंटे का समय घटकर अब 45 मिनट में पहुंच सकेंगे।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि NATM पद्धति से बनी यह ट्विन टनल 300 मीटर में एक-दूसरे से मिलती है, जिससे आवागमन में बाधा नहीं होगी। मोहनिया घाटी में घुमावदार मोड़ होने के कारण वाहनों के आने-जाने में अधिक समय लगने के साथ दुर्घटना होने की आशंका रहती थी, जो इस टनल के बनने से समाप्त हुई है।
विज्ञापन
2 of 3
रीवा में फोरलेन चुरहट बायपास और सिक्सलेन टनल का लोकार्पण किया गया।
- फोटो : सोशल मीडिया
गडकरी ने टनल की तारीफ करते हुए बताया कि टनल में एक्जास्ट फैन, ऑप्टिकल फायबर लाइनर, आईटी डिटेक्शन सिस्टम, फायर सिस्टम, कंट्रोल रूम, कैमरे, 200 मीटर पर फोन की सुविधा जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं दी गई हैं। यह भारत का पहला Aqueduct बनाया गया है, जिसमें नीचे टनल है और ऊपर बाणसागर नहर है और उसके ऊपर जो पहले की सड़क हैं, वह भी बनी हुई हैं। टनल में अन्य निर्माण कार्य के अंतर्गत एक बड़ा और एक छोटा ब्रिज, एक आरओबी, एक ओवरपास, एक अंडरपास, 4 नहर क्रॉसिंग, 11 बॉक्स कलवर्ट और 20 पुलिया का निर्माण कराया गया है। इसके बनने से रीवा से सीधी के बीच 7 किमी की लंबाई कम हो गई है, जिससे ढाई घंटे का समय घटकर अब 45 मिनट में पहुंच सकेंगे।
विंध्य की तरक्की के लिए शिवराज ने दिया वचन
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज बताते हुए गर्व है कि विंध्य बदल चुका है। पहले रीवा जिले में 2.43 लाख मी. टन अन्न का उत्पादन होता था और इस साल 13.78 लाख मी. टन अन्न का उत्पादन हुआ है। मैं आज फिर आपको वचन देता हूं कि विंध्य की धरा की एक-एक इंच जमीन पर सिंचाई की व्यवस्था की जाएगी। प्रदेश की लगभग 7,300 किमी की सड़कों के नवीनीकरण और सुधार के लिए 1700 करोड़ रुपये की योजना है। आगामी वर्ष तक यह पूरी हो जाएगी। हमारा लक्ष्य है कि प्रदेश की नगरपालिकाओं को भी 2 लेन सड़कों से जोड़ दिया जाएगा।
रीवा में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे।
- फोटो : सोशल मीडिया
सीएम ने कहा कि मैं आदरणीय नितिन गडकरी जी से मांग करता हूं कि वर्ष 2022-23 की वार्षिक योजना के लिए 4,935 करोड़ रु के कार्यों को स्वीकृति प्रदान करें। वर्ष 2023-24 की वार्षिक योजना के लिए भी 9 कामों का चयन किया गया है। मेरा आपसे निवेदन है कि उसको भी अनुमोदित करने की कृपा करें। नितिनजी, एक इच्छा और है। अमरकंटक से लगाकर गुजरात की सीमा तक एक सुंदर और धार्मिक आस्थाओं से भरा नर्मदा परिक्रमा पथ बन जाए, तो परिक्रमा करने वालों को सुविधा प्रदान होगी।
कार्यक्रम में मंत्री गोपाल भार्गव, रीवा के सांसद जनार्दन मिश्रा, सीधी की सांसद रीति पाठक, सांसद गणेश सिंह, मध्य प्रदेश के अन्य मंत्रीगण तथा सभी सांसद-विधायक, अधिकारी और अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद थे। इस कार्यक्रम के अवसर पर रीवा-सीधी मार्ग को फोरलेन बनाने की मांग को मंजूरी देते हुए चौड़ीकरण की घोषणा की। रीवा के 19 किमी लंबे 2-लेन बाईपास को 4-लेन करने की भी घोषणा की।