मध्यप्रदेश के नीमच जिले के एक दंपति और मंदसौर जिले के एक ड्राइवर की राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में शुक्रवार रात हुए सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। निम्बाहेड़ा के पास हुए इस भीषण हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं, जबकि एक परिवार पूरी तरह उजड़ गया। घटना की खबर जैसे ही नीमच जिले के सरवानिया महाराज गांव पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
निम्बाहेड़ा मार्ग पर हुआ हादसा
चित्तौड़गढ़–नीमच मार्ग पर निम्बाहेड़ा सदर थाना क्षेत्र में मुख्यमंत्री जन आवास योजना के पास शुक्रवार रात करीब साढ़े दस बजे यह हादसा हुआ। यहां तीन वाहनों की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और यातायात भी कुछ देर के लिए बाधित हो गया।