फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मध्य प्रदेश: मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना फिर शुरू, ढोल की थाप पर थिरके शिवराज, सपत्नीक किया बरात का स्वागत

Fri, 22 Apr 2022 03:07 PM IST
अंकिता विश्वकर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीहोर

सार

मध्य प्रदेश: मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना फिर शुरू, ढोल की थाप पर थिरके शिवराज, सपत्नीक किया बरात का स्वागत
विज्ञापन
1 of 4
नव विवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते सीएम। - फोटो : सोशल मीडिया
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश में बीते दो साल से बंद मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का गुरुवार को फिर से शुभारंभ किया। सीएम चौहान गुरुवार को सीहोर जिले के नसरुल्लागंज में सामूहिक विवाह कार्यक्रम में सपत्नीक शामिल हुए और योजना को पुन: आरंभ किया। विवाह सम्मेलन में करीब 462 जोड़े शादी के बंधन में बंधे।  



मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मामा बनकर भांजियों का कन्यादान किया तो वहीं उससे पहले बरात का स्वागत करते हुए वे ढोल की थाप पर बरातियों संग खूब थिरके। करीब 40 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर सवार होकर  बरात निकली। विवाह सम्मेलन में बड़ी संख्या में जोड़ों के परिजन शामिल हुए। बरात कृषि उपज मंडी प्रागंण से शाम 7 बजे शुरू हुई, जिसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रभारी मंत्री प्रभुराम चौधरी व सामाजिक न्यास मंत्री प्रेम सिंह पटेल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान नरसिंहगढ़ के प्रसिद्ध बैंड ने प्रस्तुति दी।
विज्ञापन

2 of 4
बरातियों के साथ डांस करते सीएम शिवराज। - फोटो : सोशल मीडिया
पुष्पवर्षा से बरात का स्वागत 
नगरवासियों ने सड़क से गुजर रही बरात का स्वागत पुष्पवर्षा से किया। बरात के स्वागत-सत्कार के लिए कई स्थानों पर पंडाल भी लगाए गए थे। एक घंटे से ज्यादा का सफर तय कर करीब साढ़े 8 बजे बरात मुख्य कार्यक्रम स्थल शासकीय महाविद्यालय खेल मैदान पहुंची। मुख्यमंत्री शिवराज ने बरात की अगवानी की इस दौरान उनकी पत्नी साधना सिंह भी मौजूद रहीं। सीएम शिवराज और उनकी पत्नी साधना ने नवविवाहित जोड़ों को खुशहाल दाम्पत्य जीवन का आशीर्वाद दिया।
विज्ञापन

3 of 4
योजना के तहत करीब 462 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। - फोटो : सोशल मीडिया
इस दौरान विवाह सम्मेलन में शामिल लोगों को संबोधित करते हुए सीएम चौहान ने कहा कि सभी बहनों-भाइयों, बेटी को बोझ मत समझना। मामा मुख्यमंत्री है, बेटियों की सारी व्यवस्था करेगा। चिंता मत करना। माता-पिता करें धूमधाम से तैयारी, बेटी की शादी मामा की जिम्मेदारी। 
उन्होंने आगे कहा कि बेटियां हमारी भांजियां हैं। इनकी जिंदगी कैसे बेहतर और सुखी हो, हम इस कोशिश में लगे हुए हैं। विवाह के बाद भी जरूरत पड़ी तो उनकी चिंता करूंगा। जिनके साथ वह विवाह के बंधन में बंध रही हैं, उनके साथ उनका जीवन सुखी हो, इस बात की मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं। वहीं सीएम शिवराज सिंह चौहान ने विवाह समारोह में दिव्यांग युवक की शादी के मौके पर सुखी जीवन के लिए दो लाख रुपये योजना के अंतर्गत और एक लाख रुपये अपनी तरफ से प्रदान किए। वहीं, मुख्यमंत्री ने नसरुल्लागंज में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत परिणय सूत्र में बंधें जोड़ों को मंगलसूत्र, अन्य आभूषण, गृहस्थी का सामान और 11 हजार रुपये का चेक भेंटकर नव दंपतियों को भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
विज्ञापन

4 of 4
जोड़ों को चेक भेंट करते सीएम शिवराज सिंह। - फोटो : सोशल मीडिया
बता दें कोरोना काल के चलते मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना 2020 में बंद हो गई थी। प्रदेश सरकार ने इस योजना को फिर से प्रारंभ करते हुए योजना की राशि को बढ़ाया है। पहले जहां हितग्राही बेटियों के विवाह में 51 हजार रुपये की राशि का प्रावधान था, अब वह बढ़कर 55 हजार रुपये हो गया है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें