नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों के चलते भाजपा अब तैयारियों में जुट गई है। इसी के चलते रविवार देर शाम को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भाजपा कार्यालय पहुंचे और भाजपा पदाधिकारियों की बैठक ली। इनमें शहर और ग्रामीण भाजपा के पदाधिकारी शामिल हुए। चर्चा के दौरान सीएम शिवराज ने गर्मजोशी से सबको चुनाव में जुट जाने का मंत्र दिया तो संगठन की गाइडलाइन पर चलने की सीख भी दी।
सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि टिकट मांगना सबका हक है। टिकट पूरी ताकत से मांगें, लेकिन किसी दूसरे को टिकट मिले तो मनभेद न पालें। संगठन द्वारा तय किए गए उम्मीदवार को जिताने के लिए पूरी ताकत से जुट जाएं। सभी चाहते थे कि बड़े शहरों में महापौर का चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से हो, इसलिए अब भाजपा को जिताने में कोई कसर न रखें। प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ कई परिवारों को मिला है। उनकी सूची तैयार करें और उनके सम्मेलन आयोजित करें। ऐसे परिवारों को जोड़ने की जरूरत है। वे बोले कि चुनाव में हमारा नारा 'विकास के लिए भाजपा' रहेगा। हमें चुनाव पूरी ताकत से लड़ना है। करीब एक घंटे चली बैठक में चुनावी तैयारी से जुड़े अन्य विषयों पर भी चर्चा हुई। बैठक में सांसद शंकर लालवानी, मंत्री तुलसी सिलावट, मंत्री उषा ठाकुर, विधायक आकाश विजयवर्गीय, नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे, राजेश सोनकर, गोपीकृष्ण नेमा, गोविंद मालू सहित कई नेता मौजूद थे।