मुंबई की जानी-मानी सूफी गायिका समरजीत सिंह रंधावा के साथ मध्य प्रदेश में ऐसा कुछ हुआ जो उन्होनें कभी सोचा भी नहीं था। प्रदेश के गुना जिले में एक पेट्रोल पंप पर उनकी गाड़ी में डीजल की जगह पानी भर दिया गया। इससे रंधावा की कार आधे रास्ते में खराब हो गई और उन्हें आधी रात को सुनसान इलाके में रुकना पड़ा। वे करीब 24 घंटे तक जिले में परेशान होती रहीं। बाद में पुलिस से शिकायत कर पंप को सील कराया। उन्होंने कहा कि वे किसी प्रकार के समझोते के मूड में नहीं है, जो भी फैसला होग कोर्ट के स्तर से ही होगा।
दरअसल, उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले की रहने वाली सूफी सिंगर समरजीत सिंह रंधावा इन दिनों मुंबई में रहती है। 27 जुलाई को वे कार से मुंबई से कानपुर जा रही थीं। समरजीत के साथ उनकी बेटी भी थी। रात करीब 11.30 बजे उन्होंने गुना जिले के चांचौड़ा क्षेत्र में स्थित राधेश्याम फीलिंग स्टेशन से अपनी गाड़ी में डीजल भरवाया। कुछ दूर आगे जाने के बाद नेशनल हाइवे क्रमांक 46 पर उनकी गाड़ी बंद हो गई। चालक ने कार की एजेंसी से संपर्क किया तो इंजीनियर ने ऑनलाइन जांच करने के बाद बताया कि आपकी गाड़ी में डीजल की जगह पानी भर दिया गया है। यह जानकारी मिलने के बाद समरजीत सिंह रंधावा ने डायल-100 को सूचना दी। पुलिस ने रंधावा और कार चालक के साथ पेट्रोल पंप पर जाकर जांच की तब भी गाड़ी में पानी भरे जाने की बात सामने आई।
पुलिस के पेट्रोल पंप पर पहुंचने की सूचना पर संचालक संतोष मीना भी पहुंचा। उसने पुलिस और समरजीत सिंह से माफी मांगते हुए कहा कि बारिश के कारण टैंक में पानी आ गया होगा, जो गाड़ी में चला गया। सिंगर समरजीत की गाड़ी गुना में ठीक हो सकती थी, इसलिए वे रात में ही पुलिस की मदद से गुना आ गईं और अगले दिन रविवार को शाम 4 बजे दोबारा पेट्रोल पंप पर पहुंची। जहां, उन्होंने मैनेजर और संचालक से गाड़ी सही कराने में खर्च हुए रुपये देने की मांग की। लेकिन, उन्होंने ऐसा करने से मना कर दिया।