कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी चुनाव प्रचार को लेकर सोमवार को धार जिले के कुक्षी विधानसभा के ग्राम डही में पहुंची थीं। आदिवासियों को साधने के लिए यहां उनकी सभा की गई। उन्होंने भाजपा पर जमकर हमला बोला। प्याज के बढ़ते भावों पर तंज कसा। उन्होंने युवाओं के रोजगार और बढ़ते महिला अपराधों को लेकर सरकार पर निशाना साधा।
जानकारी के अनुसार डही के पुलिस ग्राउंड पर आमसभा हुई। कमलनाथ भी प्रियंका के साथ थे। धार जिले की सातों विधानसभा सहित बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ जिलों से उनकी सभा को लेकर प्रत्याशी तथा पार्टी कार्यकर्ता व बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। सभा को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि मुझे यहां आकर बहुत गर्व हो रहा है। ये पावन धरती है। आप सब जानते हैं कि मैं इंदिरा गांधी जी की पोती हूं। आप सब उनको बहुत मानते थे, आपके मन में उनके लिए बहुत इज्जत थी। आपके लिए भी उनके दिल मे बहुत इज्जत और श्रद्धा थी। वो आपकी संस्कृति समझती थीं। इसलिए उन्होंने ओर जवाहरलाल नेहरू जी ने आपके लाभ की नीतियां बनाईं। आज जब मैं यहां आ रही थी तो कई नौजवान खड़े देखे। मैं पूछना चाहती हूं कि कितने नौजवान हैं, जिन्हें भाजपा ने रोजगार दिया है। इस सरकार ने 22 हजार घोषणाएं की हैं, लेकिन 22 भी पूरी नहीं की। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की जनता को कांग्रेस की गारंटियों पर भरोसा है। भाजपा जा रही है और कांग्रेस आ रही है।