योगी की सभा में सैकड़ों लोगों ने उपस्थिति दर्ज कराई।
- फोटो : अमर उजाला
हमारे पूर्वजों ने किया राम मंदिर के लिए संघर्ष
शुजालपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या में भगवान राम के भव्य मंदिर निर्माण के लिए हमारे पूर्वजों ने संघर्ष किया है। 500 वर्षों के विवाद का समाधान भी भाजपा की डबल इंजन की सरकार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में हुआ है। भारत की जनता को गुलामी की दृष्टि से देखने वाली कांग्रेस पार्टी फिर से भारत को गुलामी की ओर ले जाना चाहती है। वहीं भाजपा भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की परंपरा को आगे ले जाने का कार्य कर रही है। राम मंदिर के लिए बलिदान हुआ था। भारत के लोगों ने राम मंदिर के लिए बलिदान दिया, साधना की। आज वह मनोकामना पूरी होते देख रहे हैं। हम अपने पूर्वजों की मनोकामनाओं को मूर्त रूप लेते हुए देख रहे हैं, इसलिए मैं कहता हूं कि हम सब सौभाग्शाली हैं कि भगवान रामलला के भव्य मंदिर निर्माण के साक्षी हैं।
भारत का इतिहास नेहरू से प्रारंभ होता था
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के लिए भारत का इतिहास केवल नेहरू से प्रारंभ होता है। वे अबकर को महान पढ़ाते हैं, भाजपा छत्रपति शिवाजी और महाराणा प्रताप महान पढ़ाती है। देश में भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की परंपरा को आगे ले जाने के लिए देश में डबल इंजन की सरकार चाहिए। पहले उत्तर भारत के उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, राजस्थान और बिहार बीमारू राज्यों की श्रेणी में आते थे। मध्यप्रदेश में भाजपा की सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में कार्य करते हुए बीमारू राज्य से बाहर अग्रणी राज्यों की पंक्ति में खड़ा है। उत्तर प्रदेश ने भी जाति-पांति से ऊपर उठकर मतदान किया और भाजपा की सरकार बनाई, वहां की भी स्थिति पूरी तरह से बदल चुकी है। लेकिन राजस्थान और बिहार अभी भी बीमारू राज्यों में शामिल है।