दमोह के जबेरा थाना क्षेत्र के कोरता गांव निवासी 45 वर्षीय युवक मोहन चक्रवर्ती ने जहरीला पदार्थ खा लिया। इससे उसकी मौत हो गई। परिजनों ने कुछ लोगों पर जहर पिलाने के आरोप लगाते हुए मंगलवार रात दमोह-जबलपुर हाईवे पर शव रखकर प्रदर्शन कर दिया। रहली विधायक और पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने पुलिस से बात कर उचित कार्रवाई करने को कहा। परिजनों को आश्वासन दिया, तब जाकर प्रदर्शन खत्म हुआ।
शराब में मिलाया जहर
मृतक के भतीजे धीरज ने बताया कि मोहन खेत में पानी देने के लिए गया था। वहां से कुछ लोग उसे अपने साथ लेकर गए। वहां शराब में जहर मिलाकर पिलाया। उसे अस्पताल लेकर गए तो वहां उचित इलाज नहीं मिला। पुलिस बयान लेने भी नही पहुंची। जब थाने में जानकारी देने गए तो वहां कोई नहीं मिला। इसके बाद जाम लगाया गया और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की गई। परिजन के बताए अनुसार मृतक ने किसी से 10 हजार रुपए उधार लिए थे जिसके चलते उसे जहर पिलाया गया है।टीआई विजय अहिरवार ने बताया कि मामले में जांच जारी है। परिजन के बयान के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।