उत्तर प्रदेश के संभल और चंदौसी में की गई खुदाई में कई पुराने शिव मंदिर मिले हैं। जिनकी देश भर में चर्चा हुई। अब इसी तरह का नजारा मध्य प्रदेश के दमोह जिले में देखने को मिल रहा है। प्रदेश के पुरातत्व विभाग ने जिले के तेंदूखेड़ा ब्लॉक के दोनी गांव में सात मंदिरों के समूह को खोजा है। यह कलचुरी काल के मंदिर मिट्टी के टीले के नीचे दबे मिले हैं, जो नौवीं शताब्दी के माने जा रहे हैं।
बता दें कि तेंदूखेड़ा पर्यटन और प्राचीन धरोहर के लिए प्रदेश भर में जाना जाता है। यहां आज भी राजा महाराजाओं के किले और मठ बने हुए हैं, लेकिन अनदेखी के कारण वे खंडहर का स्वरूप लेते जा रहे हैं। हालांकि, अब पुरातत्व विभाग तेंदूखेड़ा में ऐसी प्राचीन धरोहरों की खोज के लिए खुदाई कर रहा है।