कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा आयोजित पटवारी परीक्षा के परिणाम में धांधली का आरोप लगा कर कांग्रेस हमलावर है। शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ता सीएम आवास का घेराव करने निकले। जिनको पुलिस ने रोक लिया। इसके चलते पुलिस और कांग्रेसियों की बीच झड़प हुई। पुलिस ने वॉटर केनन का उपयोग किया। इसमें एक महिला कार्यकर्ता का सर फटा। जिला अध्यक्ष समेत कई कार्यकर्ता घायल हो गए। कांग्रेसियों का कहना है कि पुलिस ने लाठीचार्ज किया।
जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभालने के बाद मोनू सक्सेना के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता रोशनपुरा चौराहे पर एकत्रित हुए। कार्यकर्ता पटवारी परीक्षा में गड़बड़ी का आरोप लगाकर परीक्षा निरस्त करने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने भाजपा और कर्मचारी चयन बोर्ड के खिलाफ नारेबाजी की। यहां से कांग्रेस कार्यकर्ता सीएम आवास का घेराव करने निकले, जिनको पुलिस ने बाणगंगा चौराहे पर रोक लिया। कार्यकर्ताओं ने पुलिस की बेरिकेड तोड़ कर आगे बढ़ने लगे तो पुलिस ने वॉटर केनन कार्यकर्ताओं पर चला दिया। इसमें मोनू सक्सेना, कार्यकर्ता महक समेत कई कार्यकर्ताओं को चोट आई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।