मध्य प्रदेश की सरकार युवाओं में व्यावहारिक ज्ञान, संज्ञानात्मक कौशल का विकास एवं सीखने की अभिरुचि विकसित करने के लिए बदलते दौर में शिक्षा के साथ-साथ व्यवसायिक पाठ्यक्रमों, इंटर्नशिप कार्यक्रमों जैसे अनेक प्रयास कर रही है। भारत सरकार की राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और मध्य प्रदेश सरकार की ओर से जारी की गई नवीन युवा नीति में भी इसका विशेष उल्लेख है। उच्च शिक्षा में अध्ययनरत युवाओं को पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ उनकी रुचि के क्षेत्रों में अल्पावधि के लिए इंटर्नशिप को बढ़ावा दिया जा रहा है।
भारत सरकार की ओर से राष्ट्रीय युवा पुरस्कार से सम्मानित शुभम चौहान का कहना है कि पिछले साल अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की 116वीं जयंती पर मध्यप्रदेश सरकार ने भोपाल में यूथ महापंचायत का आयोजन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जनवरी में 'मुख्यमंत्री यूथ इंटर्नशिप' कार्यक्रम शुरू किया। इसके माध्यम से 4600 युवा इंटर्न (जनसेवा मित्र) प्रदेश के 313 विकासखंडों में शासन की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। यह योजना युवाओं से प्राप्त सुझावों के आधार पर अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान ने तैयार की है।