मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव देवास जिले की सोनकच्छ तहसील के पीपलरांवा गांव में हितग्राही सम्मेलन में शामिल हुए। इस दौरान अपने संबोधन में सीएम डॉ यादव ने कहा कि ब्रेन डेड व्यक्ति के अंगदान को प्रोत्साहन देने के लिए सरकार उन परिवारों को गार्ड ऑफ ऑनर देगी। उन परिवारों को 26 जनवरी और 15 अगस्त को सम्मानित किया जाएगा। सीएम डॉ यादव ने एक उदाहरण देते हुए बताया कि हाल ही में एक व्यक्ति को ब्रेन डेड मरीज के अंगदान से नया जीवन मिला। उन्होंने कहा कि अंगदान को बढ़ावा देने के लिए सरकार ये नई पहल शुरु करने जा रही है, ताकि दुर्घटना, बीमारी या अन्य वजह से जो लोग ब्रेन डेड घोषित हों या जिनके जीवन की आशा नहीं बची हों उनके परिवारों की सहमति से किसी दूसरे व्यक्ति को जीवनदान मिल जाए।