मध्य प्रदेश भाजपा के दफ्तर में चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक चल रही थी। केंद्रीय नेता भी भोपाल में थे। नेताओं ने चुनावी चर्चा छोड़ टीवी पर चंद्रयान-3 की सॉफ्ट लैंडिंग का सीधा प्रसारण देखा। फिर तिरंगा लहराकर जश्न भी मनाया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, अश्विनी वैष्णव समेत अन्य नेता मौजूद थे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चंद्रयान-3 की सफलता पर ट्वीट कर बधाई दी। उन्होंने कहा 'चांद पर जय हो।'
दरअसल, भोपाल में भाजपा के प्रदेश मुख्यालय पर चुनाव प्रबंधन समिति की बैठक थी। इसमें प्रदेश संयोजक एवं केन्द्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, सह-प्रभारी व केन्द्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा एवं पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद चंद्रमा की सतह पर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के गौरवमयी पल के साक्षी बने। सभी नेताओं ने देश के वैज्ञानिकों तथा देश-प्रदेश की जनता को बधाई दी है। पार्टी के नेताओं ने कार्यकर्ताओं के साथ आतिशबाजी कर प्रसन्नता व्यक्त की। नेताओं ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया। विष्णुदत्त शर्मा ज्योति टॉकिज पहुंचे। कार्यकर्ताओं के साथ जश्न में शामिल होकर कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्द्धन किया और उनका मुंह मीठा कराया।