राजधानी भोपाल के कोलार क्षेत्र में शुक्रवार को देशभक्ति का अनोखा उत्साह देखने को मिला। चारों ओर तिरंगा लहरा रहा था और देशभक्ति के गीतों से पूरा माहौल गूंज रहा था। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विशाल तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। तिरंगा यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री का अलग अंदाज भी देखने को मिला। उन्होंने बच्चों से मुलाकात की, उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं और कुछ दूरी तक पैदल चलकर लोगों का अभिवादन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और वरिष्ठ नागरिक यात्रा में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल मध्य प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश की सबसे बड़ी तिरंगा यात्राओं में से एक है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को हर व्यक्ति तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज देश के हर हिस्से में तिरंगा शान से लहरा रहा है। तिरंगा यात्रा में लोगों का उत्साह इस बात का प्रमाण है कि देशभक्ति की भावना लगातार मजबूत हो रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश देश के सबसे युवा राज्यों में से एक है। युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 को निवेश वर्ष के रूप में मनाया गया, जबकि वर्तमान में किसान कल्याण वर्ष के तहत किसानों के हित में कई योजनाओं पर काम किया जा रहा है। आने वाले समय में युवाओं को केंद्र में रखकर नई योजनाएं शुरू की जाएंगी।
ये भी पढ़ें-
MP News: एनएचआरसी ने ‘एनालॉग पनीर’ पर मांगे जवाब, एफएसएसएआई और राज्यों को दो हफ्ते में देनी होगी रिपोर्ट