दीपमालाओं के अद्भुत, अलौकिक, असाधारण विहंगम दृश्यों के बीच अयोध्यावासियों ने मंगलवार को त्रेतायुग जैसा राम जन्मोत्सव और राजगद्दी की अपार खुशी का अहसास कराया। घरों में दीपमालाएं सजाते हुए हजारों नर-नारी, साधु-संत और बच्चों ने सरयू घाट, राम की पैड़ी से लेकर मठ-मंदिर और सड़कें-गलियां दीपों की झिलमिल रोशनी से जगमगा दिए। यह उत्साह 492 वर्षों के संघर्ष और मुकदमेबाजी का वनवास खत्म होने के बाद श्रीरामजन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण की खुशी में था।