लखनऊ के गोमती नगर इलाके में हत्या के आरोप में आरक्षी प्रशांत चौधरी के खिलाफ कार्रवाई का विरोध कर रही उसकी आरक्षी पत्नी राखी मलिक ने रविवार सुबह वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के शिविर कार्यालय पर हंगामा किया।
इस दौरान मीडिया कर्मियों से भी उसकी नोकझोंक हुई। महिला पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ कर गाड़ी में बैठाया और गोमतीनगर थाने ले गई। कप्तान की चौखट से राखी के बैरंग लौटने के बाद प्रशांत की मां व परिवार के अन्य लोग गोमतीनगर थाने पहुंचे और प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग को लेकर हंगामा किया।
गोमती नगर थाने में तैनात राखी मलिक ने पुलिसकर्मियों से कहा पति प्रशांत चौधरी शुक्रवार रात को वर्दी पहन कर ड्यूटी पर निकला था। देर रात सुनसान सड़क पर गाड़ी देखकर संदेह हुआ।
आरोपी की पत्नी बाहर निकलकर गाड़ी में बैठते हुए
- फोटो : अमर उजाला
साथी आरक्षी संदीप के साथ प्रशांत छानबीन करने बढ़ा था कि गाड़ी तेज रफ्तार से उसकी तरफ दौड़ पड़ी। बाइक को साइड से टक्कर मारने के बाद चालक ने गाड़ी बैक करके दोबारा टक्कर मारी।
जानलेवा हमले पर प्रशांत ने सर्विस पिस्टल से आत्म रक्षा में फायर किया। ऐसी दशा मं पहली प्राथमिकी प्रशांत व संदीप की तरफ से होनी चाहिए थी, लेकिन दबाव के चलते प्रशांत व संदीप के खिलाफ अभियोग दर्ज किया गया। आननफानन बर्खास्तगी के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।