बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर केंद्रीय विवि (बीबीएयू) में कई दिनों से विद्यार्थियों के लिए भय का कारण बना अजगर पकड़ा गया। अजगर अशोका बॉयज हॉस्टल के पास बने तालाब में पकड़ा गया, जब उसने एक बतख को अपना शिकार बनाया। हालांकि बतख को नहीं बचाया जा सका।
विश्वविद्यालय में लगभग एक सप्ताह पहले अजगर दिखा था। छात्र-छात्राओं ने इसकी जानकारी विवि प्रशासन को दी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे दिन में भी विद्यार्थी काफी डरे हुए रहते थे। अजगर दिन में भी अक्सर सड़क पार करते दिख जाता था।
इसी बीच मंगलवार सुबह अशोक हॉस्टल के पास स्थित तालाब में अजगर ने एक बतख को पकड़ लिया। बतख जब चिल्लाने लगी तो छात्र वहां पहुंचे और देखा कि अजगर उसे निगल रहा है। छात्रों ने काफी प्रयास किया लेकिन वे बतख को नहीं बचा सके। इसकी सूचना छात्रों ने वन विभाग और पुलिस प्रशासन को दी लेकिन कोई मौके पर नहीं पहुंचा। अंत में विवि के आउटसोर्सिंग पर काम कर रहे सफाईकर्मी अमर और सोनी ने छात्रों के सहयोग से अजगर को पकड़ा। देर शाम पहुंचे वन विभागकर्मियों को इसे सौंपा गया।
छात्रों का कहना है कि पिछले 10 दिनों से परिसर में कई तरह के सांप नजर आ रहे हैं। इसकी सूचना विश्वविद्यालय प्रशासन को दी गई। मगर, इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। परिसर में अब भी काफी जंगल हैं। जिन्हें साफ किया जाना चाहिए। वहीं, मामले पर बीबीएयू प्रॉक्टर प्रो. राम चन्द्रा का कहना है कि परिसर में सांप मिलने की जानकारी मिली है। जिस पर कुलपति व कुलसचिव से बात करेंगे और जल्द ही जंगल साफ करवाए जाएंगे।