कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के लखनऊ आगमन से कांग्रेसियों का जोश उफान पर है। कांग्रेसी जोश से भरे दिखाई दे रहे हैं। शहर की दीवारों को पोस्टर व बैनर से ढक दिया गया है। वहीं, कांग्रेसी उत्साह में दिखाई दे रहे हैं।
पोस्टर्स में कांग्रेसियों का जोश दिखाने वाले नारे लिखे गए हैं। एक पोस्टर पर नारा लिखा है 'आ गई बदलाव की आंधी, राहुल संग प्रियंका गांधी।'
आपको बता दें कि रविवार को अपने आगमन से एक दिन पहले ही प्रियंका गांधी ऑडियो मैसेज भेज कर एक प्रदेश वासियों से मिलकर नई राजनीति की शुरुआत करने की भावुक अपील की है।
ऑडियो में प्रियंका कहती हैं-‘नमस्कार! मैं प्रियंका गांधी वाड्रा बोल रही हूं। कल (सोमवार को) मैं आपसे मिलने लखनऊ आ रही हूं। मेरे दिल में आशा है हम एक नई राजनीति की शुरुआत करें। ऐसी राजनीति जिसमें आप सबकी भागीदारी हो, जिसमें मेरे युवा दोस्त, मेरी बहिनें और सबसे बढ़कर हर कमजोर व्यक्ति की आवाज सुनी जा सके। आइए! मेरे साथ मिलकर एक नई राजनीति और एक नए भविष्य के लिए काम करें।’