राज्यपाल राम नाईक ने गणतंत्र दिवस परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर विजेताओं को शील्ड व पुरस्कार देकर सम्मानित किया। मार्च पास्ट में प्रथम पुरस्कार 8 कुमाऊं रेजीमेंट, द्वितीय पुरस्कार 2/11 गोरखा राफल्स को मिला। अर्द्धसैन्य बलों में उत्कृष्ट मार्च पास्ट में सशस्त्र सीमा बल को प्रथम, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल को द्वितीय पुरस्कार मिला। पुलिस मार्च पास्ट में पहला पुरस्कार 10वीं, 42वीं व 36वीं बटालियन पीएसी, द्वितीय यूपी होमगार्ड व तृतीय पुरस्कार 9वीं, 35वीं व 37वीं पीएसी बटालियन को मिला। स्कूली बच्चों के मार्च पास्ट में एनसीसी बालिका को प्रथम, एनसीसी बालक को द्वितीय तथा यूपी सैनिक स्कूल, सेंट जोजफ इंटर कॉलेज बालिका व सिटी मांटेसरी स्कूल गोमतीनगर की टुकड़ी को संयुक्त तौर से तीसरा पुरस्कार मिला। झांकियों में पहला पुरस्कार संयुक्त तौर से उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम व मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को, दूसरा उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लि. व उप्र उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण तथा तृतीय पुरस्कार एलडीए व उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग को मिला। राज्यपाल ने आकर्षक ड्रिल व सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले दलों को भी पुरस्कृत किया।