होली का उल्लास रविवार शाम से इस कदर बढ़ा कि होलिका दहन से पूर्व लोग होली गीतों पर झूमते-गाते रात का इंतजार करने लगे। इस वक्त गंगा-जमुनी संस्कृति की प्रतीक लखनऊ की सरजमीं पर हर तरफ होली गीत गूंज रहे और उड़ रहा रंग गुलाल। होलिका दहन से पूर्व मारवाड़ी समाज ने ठंडी होली का पूजन किया। चौक में विनोद माहेश्वरी, चौपटिया में आशीष अग्रवाल, अशोक कुमार गौड़ समेत समाज के अन्य लोगों ने परिवार समेत विधिवत होलिका का पूजन किया। इसके बाद सामूहिक होली जलाई गई।
रविवार को दोपहर बाद से ही लोग सड़कों पर रंग खेलते नजर आने लगे थे। मुख्य आयोजन पुराने लखनऊ में होलिकोत्सव समिति की ओर से नागर चौक पर हुआ। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच ही फूलों की होली खेली गई। रात को होलिकोत्सव समिति के पंडित राजेश शुक्ला, गोविंद शर्मा, अनुराग मिश्रा, डा.राजकुमार वर्मा आदि के नेतृत्व में सभी ने होलिका दहन किया।