लखनऊ का अमौसी स्थित चौधरी चरण सिंह हवाईअड्डा दुनिया में सबसे अच्छी एयरपोर्ट सर्विस क्वालिटी (एएसक्यू) देता है। उपलब्धि के लिए एयरपोर्ट काउंसिल इंटरनेशनल ने इसे अवार्ड से नवाजा है। बुधवार को इसकी घोषणा हुई। वहीं, एशिया पेसिफिक में भी चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट सर्वश्रेष्ठ चुना गया। काउंसिल ने 50 लाख सालाना से कम यात्री संख्या वाले दुनियाभर के एयरपोर्ट्स में लखनऊ को पहले स्थान पर रखा है।
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) ने बताया कि देश के छह एयरपोर्ट को अलग-अलग वर्गों में अवार्ड दिए गए हैं। इनमें लखनऊ को वर्ग (एयरपोर्ट बाय साइज- दो से पांच मिलियन सालाना यात्री क्षमता) में सर्वश्रेष्ठ चुना गया है। पिछले वर्ष इसी वर्ग में यह अवार्ड पहले स्थान के लिए तीन एयरपोर्ट्स को दिया गया था, जिनमें जयपुर शामिल था। दूसरे स्थान पर भी तीन एयरपोर्ट चुने गए थे, जिनमें श्रीनगर तो था पर लखनऊ नहीं था। हालांकि साल 2015 में ‘बेस्ट एयरपोर्ट बाय रीजन’ के 20 लाख से 50 लाख यात्री संख्या के वर्ग में लखनऊ एशिया-पेसिफिक में दूसरे स्थान पर था।
एशिया पैसिफिक में भी पहला स्थान
एयरपोर्ट बाय साइज अवार्ड दुनिया को छह भू-भागीय क्षेत्रों में बांटते हुए भी दिया गया। लखनऊ इनमें से एशिया-पैसिफिक में आता है। ऐसे में यहां भी यह पहले स्थान पर रहा।