गुलिस्ताने इरम, दर्शन विलास और कोठी रोशनुद्दौला। लखनऊ के कैसरबाग में बनी ये उन कोठियों के नाम हैं, जो वर्षों से जर्जर व मरम्मत केइंतजार में खड़ी थीं। पर, अब इनकी रंगत बदल गई है। कोठियों की चमक लौट आई है और अब इनकी खूबसूरती देखने लायक है। इन कोठियों को अब पर्यटकों का इंतजार है, ताकि ये गुलजार हो सकें। दरअसल, संस्कृति विभाग की ओर से राजधानी पुरानी कोठियों की मरम्मत का खाका तैयार करवाया गया, जिस पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए और उनकी रंगत को वापस लौटाया गया। छतर मंजिल के सामने स्थित गुलिस्ताने इरम व दर्शन विलास और कैसरबाग बस अड्डे के सामने बनी रोशनुद्दौला कोठी में इतिहास आज भी जवां है।