Yogi Adityanath Mother Savitri Devi Passed Away: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन के बाद उनके और मां के बीच हुई भावुक मुलाकातों की यादें फिर से ताजा हो गई हैं। संन्यास और व्यस्त राजनीतिक जीवन के बावजूद योगी आदित्यनाथ का अपनी मां से गहरा लगाव रहा और मई 2026 में पंचूर में हुई उनकी आखिरी मुलाकात का भावुक प्रसंग अब एक अमिट स्मृति बन गया है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी आदित्यनाथ का सार्वजनिक जीवन काफी व्यस्त रहा, लेकिन मां से उनका रिश्ता हमेशा चर्चा में रहा। कभी पांच साल बाद पैतृक गांव पहुंचकर मां के पैर छुए तो कभी बीमार मां का हाल जानने ऋषिकेश एम्स पहुंचे। मई 2026 में पंचूर में हुई मुलाकात उनकी मां से आखिरी मुलाकात बन गई।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जीवन में एक तरफ सत्ता और जिम्मेदारियों का बड़ा संसार रहा तो दूसरी तरफ उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल स्थित उनका पैतृक गांव पंचूर और वहां रहने वाली मां सावित्री देवी से जुड़ी यादें। संन्यास लेने के बाद योगी आदित्यनाथ ने भले ही पारिवारिक जीवन से दूरी बना ली, लेकिन मां के प्रति उनका लगाव समय-समय पर सामने आता रहा।
मुख्यमंत्री बनने के बाद मां से उनकी मुलाकात के तीन प्रमुख सार्वजनिक पड़ाव सामने आते हैं। इनमें मई 2022 और मई 2026 में पैतृक गांव पंचूर की यात्रा और जून 2024 में ऋषिकेश एम्स में मां से मुलाकात शामिल है। इसके अलावा पहले कार्यकाल में सावित्री देवी लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास भी पहुंची थीं।
मई 2022: पांच साल बाद पंचूर पहुंचे योगी, मां के छुए पैर
योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद मां से उनकी सबसे चर्चित मुलाकात 03 मई 2022 को हुई थी। उत्तर प्रदेश में दूसरी बार सरकार बनने के बाद योगी आदित्यनाथ तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे थे। इस दौरान वह अपने पैतृक गांव पंचूर गए और मां सावित्री देवी से मुलाकात की।
विज्ञापन
3 of 6
अपनी मां के साथ सीएम योगी
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
मुख्यमंत्री बनने के बाद यह पहली बार था जब योगी अपने पैतृक गांव पहुंचे थे। इससे पहले वह फरवरी 2017 में विधानसभा चुनाव के दौरान गांव आए थे। यानी मां से मिलने के लिए उन्हें करीब पांच साल का इंतजार करना पड़ा था।
पंचूर पहुंचने से पहले योगी ने बिथ्याणी स्थित महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय में अपने गुरु महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा का अनावरण किया। इसके बाद वह घर पहुंचे और मां के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। उन्होंने परिवार के दूसरे सदस्यों और रिश्तेदारों से भी मुलाकात की।
यह मुलाकात इसलिए भी खास थी क्योंकि योगी आदित्यनाथ वर्ष 2020 में पिता आनंद सिंह बिष्ट के निधन के बाद पहली बार अपने पैतृक गांव पहुंचे थे। कोरोना महामारी के दौरान पिता के निधन पर वह अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके थे। इस यात्रा के दौरान योगी ने करीब 28 साल बाद अपने घर पर रात भी बिताई थी।
4 of 6
सीएम योगी और उनकी मां सावित्री देवी
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
जून 2024: मां की तबीयत बिगड़ी तो ऋषिकेश एम्स पहुंचे योगी
मां और बेटे की अगली चर्चित मुलाकात जून 2024 में हुई। सावित्री देवी की तबीयत खराब होने के बाद उन्हें ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था।
16 जून 2024 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद सीधे ऋषिकेश पहुंचे। यहां उन्होंने अस्पताल में भर्ती अपनी मां से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना।
अमर उजाला की 17 जून 2024 की रिपोर्ट के मुताबिक, योगी ने एम्स के निदेशक से भी मुलाकात की और मां के स्वास्थ्य के बारे में विस्तार से जानकारी ली। वह करीब 20 मिनट तक अस्पताल में रुके।
इस दौरान योगी आदित्यनाथ ने रुद्रप्रयाग सड़क हादसे में घायल उत्तर प्रदेश के लोगों से भी मुलाकात की और उनके उपचार के लिए जरूरी निर्देश दिए।
विज्ञापन
5 of 6
सीएम योगी और उनकी मां सावित्री देवी
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
मई 2026: पंचूर में मां से आखिरी मुलाकात, पूछा- पहचाना मुझे!
योगी आदित्यनाथ और उनकी मां सावित्री देवी की आखिरी मुलाकात इसी साल नौ मई 2026 को हुई थी। मुख्यमंत्री सात मई को दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे। नौ मई को उन्होंने गांव में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। गांव स्थित विष्णु पंचदेव मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम और महायज्ञ में शामिल होने के बाद शाम करीब 4.45 बजे वह अपने पैतृक आवास पहुंचे। यहां उन्होंने मां सावित्री देवी का आशीर्वाद लिया। साथ ही बहनों और अन्य रिश्तेदारों से भी मुलाकात की।
उस समय सावित्री देवी की याददाश्त काफी कमजोर हो चुकी थी। वह अपनों को भी पहचान नहीं पा रही थीं। मां की इसी स्थिति को देखते हुए योगी ने उनसे प्यार से पूछा था- 'पहचाना मुझे!' मां-बेटे के बीच हुई यह छोटी-सी बातचीत अब उनकी आखिरी मुलाकात की सबसे भावुक यादों में शामिल हो गई है।
सीएम योगी जब अपने गांव पंचूर गए थे।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बेटे से मिलने लखनऊ भी आई थीं सावित्री देवी
योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद मां और बेटे की मुलाकातों की कहानी सिर्फ पंचूर और ऋषिकेश तक सीमित नहीं रही। योगी के पहले कार्यकाल के दौरान उनकी मां सावित्री देवी लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंची थीं।
संन्यास के बाद भी मां से बना रहा भावनात्मक रिश्ता
योगी आदित्यनाथ ने युवावस्था में ही संन्यास का रास्ता चुन लिया था। इसके बाद उनका जीवन गोरखपुर मठ और फिर सार्वजनिक जीवन की जिम्मेदारियों के बीच आगे बढ़ा। मुख्यमंत्री बनने के बाद भी वह लगातार राजनीतिक और प्रशासनिक कार्यों में व्यस्त रहे।
इसके बावजूद मां से मुलाकात के ये प्रसंग बताते हैं कि संन्यास और सार्वजनिक जीवन की व्यस्तताओं के बीच भी मां से उनका भावनात्मक रिश्ता बना रहा। अब 20 नवंबर 2026 को सावित्री देवी के निधन की खबर के बाद मई में हुई वह मुलाकात एक बार फिर चर्चा में है। मां से आखिरी मुलाकात के दौरान पूछा गया वह सवाल अब एक भावुक स्मृति बनकर रह गया है।