तेज धूप, गर्म हवा के थपेड़े, फिर भी हीट वेव नहीं!
बीते तीन दिनों के मौसम की बात करें तो धूप इतनी तेज है कि घर से निकलना मुश्किल हो रहा है। गर्म हवा के थपेड़ों ने हाल बेहाल कर रखा है। उमस चरम पर है, फिर भी मौसम विभाग का कहना है कि हीट वेव नहीं है। दरअसल, तय मानकों के मुताबिक, हीट वेव तब होती है जब किसी जगह का तापमान मैदानी इलाकों में 40, तटीय इलाकों में 37 और पहाड़ी इलाकों में 30 डिग्री सेल्सियस होता है। साथ ही लगातार दो दिन तक इसमें सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री का उतार-चढ़ाव बना रहे। इसके अलावा यदि तापमान 45 डिग्री पार कर जाए तो भी हीट वेव होती है।