बाहुबली मुख्तार के करीबी व पूर्व ब्लॉक प्रमुख अजीत सिंह की हत्या करने वाले शूटरों के रोडवेज बस से राजधानी से बाहर भागने की आशंका जताई जा रही है। हत्याकांड की छानबीन में जुटी पुलिस को गुरुवार दोपहर कमता बस अड्डे पर दो बाइक लावारिस खड़ी मिलीं जिन पर खून लगा हुआ था। बाइक में चाबी भी लगी हुई थी। पुलिस इन्हीं बाइक से हत्यारों तक पहुंचने का सुराग ढूंढ रही है।
एडीसीपी समेत तमाम अधिकारी और क्राइम ब्रांच कमता बस अड्डे पहुंची और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इस बीच वारदात के वक्त अजीत के साथ मौजूद मोहर सिंह की तरफ से गैंगस्टर ध्रुव सिंह उर्फ कुंटू , अखंड प्रताप सिंह और वाराणसी के कन्हैया विश्वकर्मा उर्फ गिरधारी उर्फ डॉक्टर पर विभूतिखण्ड थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई है।