गोसाईगंज क्षेत्र में बाइक सवार चार बदमाशों ने बुधवार देर रात ड्यूटी से लौट रहे युवक पर हमला करके बाइक और नगदी लूट ली। दो बाइक पर सवार चार बदमाश क्रिकेट के स्टंप लेकर वारदात अंजाम देने निकले थे।
वारदात का शिकार बने युवक ने किसी तरह पुलिस बूथ पर जाकर सूचना दी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को रिपोर्ट दर्ज कर तहकीकात शुरू की है।
पुलिस के मुताबिक, बाराबंकी के लोनी कटरा थाने के गांव सराय पांडेय निवासी रामदयाल रोजाना की तरह बुधवार रात एक बजे हजरतगंज क्षेत्र स्थित ऑफिस से ड्यूटी खत्म करके बाइक से घर लौट रहा था। कस्बा गंगागंज से गुजरने के दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार बदमाशों ने पीछा किया।
सुनसान स्थान पर पहुंचते ही एक बाइक सवार दो बदमाशों ने रामदयाल को ओवरटेक करके रोका। इस बीच पीछे से आई दूसरी बाइक से स्टंप लेकर उतरे बदमाश ने रामदयाल पर हमला करके सड़क पर गिरा दिया। घायल रामदयाल गिड़गिड़ाने लगा। बदमाशों ने पर्स, मोबाइल, पेन के साथ बाइक भी लूट ली।
शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते चारों बदमाश गंगागंज की तरफ लौट गए। रामदयाल जैसे तैसे दो सौ मीटर दूर स्थित पुलिस बूथ तक पहुंचा। पुलिसकर्मी ने गोसाईगंज थाने के मुंशी को कॉल की। इसके बाद एक दरोगा ने रामदयाल को साथ ले जाकर मौका मुआयना किया और उसे घर भेजवा दिया।
एसओ गोसाईगंज अरविंद कुमार पांडेय ने बताया कि रामदयाल की तहरीर पर चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का केस दर्ज करके तहकीकात की जा रही है।
वारदात का शिकार बने रामदयाल का कहना है कि घर लौटने के दौरान कस्बा अमेठी में उसने दो बाइक पर सवार चार युवकों को देखा था। आशंका है कि बदमाशों ने अमेठी से उसका पीछा करके लूटपाट की।