अखिल भारतीय महिला कांग्रेस कमेटी की महासचिव घोषित किए जाने के बाद शनिवार को लखनऊ पहुंची अदिति सिंह का कांग्रेस मुख्यालय में गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस मौके पर उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि मुझे जिस विश्वास के साथ कांग्रेस अध्यक्ष ने जिम्मेदारी सौंपी है। उस पर मैं खरा उतरने की पूरी कोशिश करूंगी और अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा व ईमानदारी से निर्वहन करूंगी।
उन्होंने केंद्र व प्रदेश की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार में महिलाओं के खिलाफ अपराध तेजी से बढ़े हैं। मोदी व योगी सरकार बच्चियों व महिलाओं को सुरक्षा देने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है। उन्होंने कहा कि वह महिला सशक्तिकरण एवं महिलाओं की सुरक्षा के लिए अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुष्मिता देव के साथ मिलकर संघर्ष करेंगी।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पहुंचने पर अदिति सिंह ने राजीव चौक स्थित पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद उन्होने प्रदेश महिला कार्यालय में पदाधिकारियों एवं कार्यकत्रियों से मुलाकात की। अदिति सिंह रायबरेली सदर से कांग्रेस की विधायक हैं।