लखनऊ के नाका की गुरुनानक मार्केट में शुक्रवार भरी दोपहरी होटल कारोबारी व शुभम लॉज के मालिक मुकेश मनवानी (40) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसके बाद जमकर बवाल हुआ। आक्रोशित व्यापारियों ने एक आरोपी की दुकान पर धावा बोल दिया। वहां तोड़फोड़ के बाद आगजनी की कोशिश की गई। आईजी रेंज जयनारायन सिंह, एसएसपी दीपक कुमार, एएसपी पश्चिम सहित कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची और व्यापारियों को शांत कराया। मुख्य आरोपी आर्यनगर निवासी बलबीर सिंह दुआ उर्फ शिंकू को गिरफ्तार कर लिया गया है। वारदात में उसके साथ शामिल राजेंद्र सिंह दुआ, जसवीर सिंह, मंजीत, शेरू और पारुल की तलाश में दबिश दी जा रही है।
एसएसपी ने बताया कि मुकेश कृष्णानगर के नटखेड़ा रोड रामगली में रहता था। उसका नाका के रॉयल पंजाब होटल के मालिक बलबीर सिंह दुआ से लंबे समय से विवाद चल रहा था। मुकेश कुछ दिनों से गुरुनानक मार्केट स्थित अपने लॉज में निर्माण करवा रहा था। बृहस्पतिवार को उसने लॉज के एक हिस्से में दीवार उठवाने के साथ छत डलवाई थी। बलबीर इसका विरोध कर रहा था। उसका कहना था कि जिस जमीन पर मुकेश ने दीवार उठवाई थी, वह उसके हिस्से की है। इसे लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ था।
Trending Videos
विज्ञापन
2 of 5
तमंचे से किया मुकेश पर फायर
शुक्रवार दोपहर करीब सवा तीन बजे मुकेश गुरुनानक मार्केट स्थित अपनी दुकान शिव इलेक्ट्रॉनिक्स में छोटे भाई हीरा संग बैठा था। हीरा का आरोप है कि किसी काम से मुकेश गली में गया, जहां बलबीर, जसवीर, राजेंद्र, मंजीत, शेरू और पारुल, शेरू उससे मारपीट करने लगे। मुकेश ने शोर मचाया तो पारुल और राजेंद्र ने उसका मुंह दबोच लिया। इस बीच बलबीर ने तमंचा निकालकर उस पर फायर कर दिया। गोली मुकेश की दायीं ओर कंधे के नीचे लगी। बकौल हीरा, शोर सुनकर वह मौके पर पहुंचा तो शिंकू को तमंचे से भाई को गोली मारकर भागते हुए देखा। (तस्वीर में व्यापारी मुकेश व आरोपी बलबीर सिंह।)
फायरिंग की आवाज सुनकर हड़कंप मच गया। व्यापारी मुकेश को ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद दुकान बंद कर व्यापारी पारुल की इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान पर पहुंचे और तोड़फोड़ की। व्यापारियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। इसके बाद पुलिस ने आनन-फानन बलबीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। देर शाम साढ़े सात बजे व्यापारियों और महिलाओं ने नाका में फिर करीब दो घंटे तक प्रदर्शन किया।
विज्ञापन
3 of 5
भाजपा का वार्ड अध्यक्ष था मुकेश, रीता बहुगुणा का था करीबी
मुकेश मनवानी गुरुनानक वार्ड से भाजपा का वार्ड अध्यक्ष था और कैबिनेट मंत्री रीता बहुगुणा जोशी का करीबी था। बृहस्पतिवार को शिंकू से झगड़े के बाद शुक्रवार दोपहर उसने रीता बहुगुणा से मिलकर उन्हें पूरे प्रकरण की जानकारी दी थी। वह रीता बहुगुणा के कार्यक्रम में था तभी होटल के मैनेजर सुधीर का फोन आया। उसने बताया कि शिंकू और उसके साथी होटल में आकर मारपीट कर रहे हैं। यह जानकारी मिलते ही वह अपनी दुकान पर आ गया था।
4 of 5
दुश्मन से दोस्त बनाया, फिर कर दी हत्या
हीरा ने बताया कि मुकेश और बलबीर के बीच कई साल से तनातनी चल रही थी। दरअसल बलबीर दबंग किस्म का है और इलाके में व्यापारियों पर दबदबा बनाए रखता है। 19 फरवरी 2010 को उसने कारोबारी अश्विनी चावला की सरेआम पिटाई कर 16 हड्डियां तोड़ दी थीं। अश्वनी ने शिंकू के खिलाफ नाका कोतवाली में हत्या के प्रयास का केस दर्ज कराया था। मामले में मुकेश अहम गवाह था। उसने बलबीर के खिलाफ गवाही देने के साथ हाईकोर्ट में हलफनामे भी दिए थे। हालांकि, बाद में शिंकू ने मुकेश से दोस्ती कर ली और वह कोर्ट में गवाही से पलट गया था। दो साल तक अक्सर दोनों एक-दूसरे के साथ उठते-बैठते दिखते थे, लेकिन होटल की जमीन को लेकर दोनों में फिर से तलवारें खिंच गईं। इस दुश्मनी का अंत शुक्रवार दोपहर मुकेश की हत्या के साथ हुआ। मुकेश के दूसरे भाई विक्रम ने शिंकू, राजेंद्र, जसवीर, मंजीत, शेरू और पारुल के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कराई है।
परिवार में कोहराम, बेसुध हो गए पत्नी-बच्चे
मुकेश की हत्या की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी रिया, 13 साल की बेटी इशिका और आठ साल का बेटा भविष्य बेसुध हो गए। पुलिस ने बताया कि हीरा भाई मुकेश के साथ ही इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान में बैठता है, जबकि विक्रम अलग काम करता है।