योग शरीर, मन और आत्मा के सामंजस्य की कला है। यह समग्र स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में आपके लिए सबसे सहायक उपाय हो सकता है। शरीर को पोषण देने और अंगों की टोनिंग से लेकर शारीरिक मुद्रा को ठीक रखने और इसके कारण शरीर में होने वाली दर्द की समस्या से आराम दिलाने में दैनिक रूप से योगासनों के अभ्यास की आदत आपके लिए मददगार हो सकती है। योगासन शरीर में लचीलापन, रक्त प्रवाह और प्रतिरक्षा को बढ़ावा देना के साथ मांसपेशियों को स्वस्थ और शक्तिशाली बनाए रखने का साधन हो सकते हैं। यही कारण है स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को रोजाना योग के लिए समय निकालने की सलाह देते हैं।
कई प्रकार के योगासनों को दिनचर्या में शामिल करके लाभ पाया जा सकता है, गोमुखासन योग भी ऐसा ही अभ्यास है जो शरीर को कई प्रकार के लाभ प्रदान कर सकता है। योग विशेषज्ञों का मानना है कि बाजुओं, ट्राइसेप्स, कंधों और छाती की बेहतर स्ट्रेचिंग करने में इस योग के अभ्यास से लाभ पाया जा सकता है। यह आसन कंधों और कूल्हों पर बन रहे अतिरिक्त दबाव को कम करके आपको दर्द से राहत दिलाने में भी काफी सहायक हो सकता है। आइए इससे होने वाले फायदों के बारे में विस्तार से जानते हैं।