लॉग सिटिंग जॉब्स यानी ऑफिस में 6-8 घंटे तक बैठे रहने के कारण शरीर के पोस्चर से संबंधित विकारों का जोखिम काफी बढ़ता हुआ देखा जा रहा है। यह रीढ़ की समस्याओं का कारण बनती है जिससे पीठ में दर्द और मांसपेशियों से संबंधित कई प्रकार की अन्य जटिलताओं का खतरा भी बढ़ जाता है। लॉग सिटिंग जॉब्स, सेंडेंटरी लाइफस्टाइल को भी बढ़ाने वाली मानी जाती है, जिसे विशेषज्ञ काफी समस्याकारक मानते हैं। इस तरह की दिक्कतों के जोखिम को कम करने के लिए योगासनों का अभ्यास एक बेहतर विकल्प हो सकता है। विशेषज्ञ रीढ़ की दिक्कतों को दूर करने के लिए कैमल पोज (उष्ट्रासन) योग के अभ्यास की सलाह देते हैं।
योग विशेषज्ञ बताते हैं, उष्ट्रासन मध्यवर्ती स्तर का बैक-बेंडिंग योगाभ्यास है जिसे अनाहत (हृदय चक्र) को खोलने के लिए जाना जाता है। यह योग शरीर में लचीलापन और ताकत को बढ़ाने के साथ बेहतर स्ट्रेचिंग करने, पाचन में सुधार करने और पीठ के दर्द में राहत पाने के लिए फायदेमंद माना जाता है।
आइए इस योग को करने के तरीके और इससे होने वाले स्वास्थ्य लाभ के बारे में जानते हैं।