Duniya Ka Sabse Bada Shivling Kaha Hai: भगवान शिव की नगरी कहे जाने वाले वाराणसी की पहचान सदियों से आस्था, अध्यात्म और संस्कृति के केंद्र के रूप में रही है। बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए हर साल लाखों श्रद्धालु देश-विदेश से काशी पहुंचते हैं। अब यह प्राचीन नगरी एक और बड़ी उपलब्धि की ओर बढ़ रही है। वाराणसी में दुनिया के सबसे ऊंचे शिवलिंग के निर्माण की योजना सामने आई है, जिसने शिवभक्तों और पर्यटकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है।
प्रस्तावित परियोजना के तहत वाराणसी में लगभग 130 फीट ऊंचा शिवलिंग बनाया जाएगा। यह केवल एक धार्मिक स्मारक नहीं होगा, बल्कि इसके आसपास विकसित होने वाला विशाल पार्क, संग्रहालय, कला दीर्घा और हरित क्षेत्र इसे एक प्रमुख पर्यटन और आध्यात्मिक केंद्र में बदल देगा। यदि यह परियोजना निर्धारित रूप में पूरी होती है, तो काशी दुनिया के सबसे ऊंचे शिवलिंग का गौरव हासिल कर सकती है।
दुनिया के सबसे बड़े शिवलिंग
- वर्तमान में दुनिया के सबसे बड़े शिवलिंग का रिकॉर्ड केरल के महेश्वर श्री शिव पार्वती मंदिर ने बनाया है, जहां 111.2 फीट ऊंचा शिवलिंग मौजूद है।
- इसके अलावा, कर्नाटक के कोलार जिले में कोटिलिंगेश्वर मंदिर में 108 फीट ऊंचा शिवलिंग है।
- बिहार के मोतिहारी में विराट रामायण मंदिर में 33 फीट ऊंचा औऱ 210 टन वजनी दुनिया का सबसे बड़ा अखंड शिवलिंग है।
- अरुणाचल प्रदेश के जीरो में भी 26 फीट ऊंटा दुनिया का सबसे ऊंचा प्राकृतिक रूप से निर्मित शिवलिंग स्थापित है।
सावन का महीना भगवान शिव की आराधना के लिए सबसे पवित्र माना जाता है। ऐसे में इन सभी शिवलिंग के दर्शन के लिए जा सकते हैं। लेकिन इन सबको टक्कर देने के लिए वाराणसी में बनने वाला भव्य शिवलिंग आने वाले वर्षों में करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बन सकता है। आइए जानते हैं इसकी खासियत, वर्तमान रिकॉर्डधारी शिवलिंग और काशी पहुंचने की पूरी जानकारी।