फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mussoorie Tour Guide: मसूरी की सबसे मशहूर और खूबसूरत जगहें, दो दिन के सफर में घूम सकते हैं आप

Sat, 31 Dec 2022 09:02 AM IST
शिवानी अवस्थी लाइफस्टाइल डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
1 of 6
मसूरी - फोटो : Istock
Mussoorie Tour Guide : सर्दियों के मौसम में लोग हिल स्टेशन पर बर्फबारी का लुत्फ उठाने और प्राकृतिक नजारों की सुंदरता के बीच छुट्टी बिताने के लिए जाना पसंद करते हैं। नया साल आने वाला है, ऐसे में लोग नए साल की छुट्टियों या जनवरी में वीकेंड पर किसी हिल स्टेशन पर घूमने की योजना बना रहे होंगे। जो लोग बर्फबारी या पहाड़ देखना पसंद करते हैं, वह सबसे पहले शिमला-मनाली की ओर रुख करते हैं। हालांकि पीक सीजन होने के कारण जनवरी फरवरी में हिल स्टेशनों पर काफी भीड़ होती है, साथ ही लोकप्रिय पर्यटन स्थल होने के कारण हिल स्टेशन महंगे भी हो जाते हैं। ऐसे में प्राकृतिक नजारों का लुत्फ भीड़ भाड़ से दूर शांत माहौल में लेना चाहते हैं और बजट में ट्रिप पर जाना चाहते हैं तो पहाड़ों की रानी मसूरी की ओर रुख कर सकते हैं। मसूरी में भी बहुत बेहतरीन पर्यटन स्थल हैं। शिमला-मनाली की तुलना में मसूरी सस्ता और कम समय में घूमने लायक हिल स्टेशन है। आइए जानते हैं मसूरी के सबसे लोकप्रिय दार्शनिक स्थल, जहां पर्यटकों को जरूर जाना चाहिए।
विज्ञापन

2 of 6
दलाई हिल्स मसूरी - फोटो : self
दलाई हिल्स

मसूरी घूमने जा रहे हैं तो अपनी यात्रा सूची में दलाई हिल्स को जरूर शामिल करें। इसे बुद्धा टेंपल के नाम से भी जाना जाता है। मसूरी के हैपी वैली के पास स्थित दलाई हिल्स की सैर करना आपके लिए एक अलग ही तरह का रोमांच होगा। दलाई हिल्स में आपको लगभग एक किलोमीटर की ट्रैकिंग करनी पड़ती है, जो काफी मजेदार होती है। अपने स्पोर्ट्स सूज तैयार रखें और मसूरी की हरियाली को देखते हुए चढ़ जाएं। ऊपर बुद्ध की एक खूबसूरत प्रतिमा देखने को मिलेगी। यहां फोटोशूट कराना न भूलें। ऐसे नजारे आपको मुश्किल से ही मिल सकते हैं। नीचे वापसी में बाईं तरफ बौद्ध मंदिर भी है, जहां आप शांत माहौल में पहाड़ी नजारों को देख सकते हैं।
विज्ञापन

3 of 6
कैंप्टी फाॅल - फोटो : Istock
कैंपटी फॉल

मसूरी की सबसे प्रसिद्ध जगहों पर यहां के झरने हैं। कैंपटी फॉल मसूरी का मशहूर झरना है, जिसकी सुंदरता आपको अपनी ओर आकर्षित करेगी। कैंपटी फॉल हैप्पी वैली से लगभग 13-14 किलोमीटर की दूरी पर है। आप टैक्सी या टू व्हीलर किराए पर लेकर कैंपटी फॉल के सफर पर निकल सकते हैं। पार्किंग से नीचे कैंपटी फॉल तक आपको पैदल रास्ता मिलेगा। चाहें तो रोप वे के जरिए भी जा सकते हैं। सर्दी में आप इस झरने में नहा तो नहीं पाएंगे, लेकिन फोटो क्लिक करा सकते हैं या मजेदार रील बना सकते हैं।

4 of 6
धनोल्टी इको पार्क - फोटो : अमर उजाला
धनोल्टी

मसूरी से लगभग 55-60 किलोमीटर की दूरी पर धनोल्टी है। दो घंटे का सफर तय करके आप धनोल्टी पहुंच जाएंगे। रास्ते में आपको कई व्यू पॉइंट मिलेंगे, जहां दोस्तों, पार्टनर या बच्चों के साथ फोटो क्लिक करा सकते हैं। रास्ते में सुंदर कैफे हैं, जहां लजीज स्नैक्स का लुत्फ उठा सकते हैं। धनोल्टी एडवेंचर एक्टिविटी और स्पोर्ट्स के लिए मशहूर है। इसके अलावा धनोल्टी में इको पार्क है, जिसका टिकट 50 रुपये का है। इस पार्क में हरियाली, सुंदर नजारे, बच्चों के लिए झूले मिलेंगे।
विज्ञापन

5 of 6
सुरकंडा देवी मंदिर, मसूरी - फोटो : self
सुरकंडा माता मंदिर

घूमने के लिए आप मसूरी का सुरकंडा देवी मंदिर जा सकते हैं। धनोल्टी जाने के रास्ते में सुरकंडा देवी मंदिर पड़ेगा। यह मंदिर एक पहाड़ी पर स्थित है, जहां आपको पैदल चढ़ाई करनी पड़ती है। हालांकि दो से तीन किलोमीटर की ये चढ़ाई करना नहीं चाहते तो पर्यटकों के लिए रोप वे की सुविधा भी है। नीचे से सुरकंडा मंदिर तक जाने के लिए रोप वे के दोनों तरफ का टिकट 205 रुपये है। प्रसाद नीचे से ही ले जा सकते हैं। मंदिर परिसर बहुत ही शानदार बना है। ध्यान रखें कि पहाड़ी पर होने के कारण यहां सर्दी काफी होती है, इसलिए अपने साथ ऊनी टोपी और गरम कपड़े जरूर रखें। ऊपर ठंडी हवाओं के बीच माता का मंदिर, बेहद सुंदर शिवलिंग और अन्य मंदिर भी बने हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

6 of 6
मसूरी - फोटो : Istock
मसूरी माल रोड और किताब घर

शाम के वक्त आप मसूरी माल रोड घूमने निकल सकते हैं। खाने पीने से लेकर खरीदारी करने के लिए मसूरी माल रोड पर आपको हर चीज मिलेगी। गरमा गरम भुने भुट्टे का स्वाद ले सकते हैं। उबले मसाला चने के स्टॉल भी थोड़ी थोड़ी दूर पर सजे हैं। बेहद शानदार इंटीरियर वाले छोटे बड़े कैफे भी देखने को मिलेंगे, जहां आप अपने बजट के अनुरूप ऑर्डर दे सकते हैं। ऊनी कपड़े, शाॅल आदि की खरीदारी भी कर सकते हैं। सुंदर लाइब्रेरी और व्यू पाइंट बने हैं। मसूरी रोड से किताब घर तक पैदल घूमते फिरते पहुंचे। लगभग दो किलोमीटर का रास्ता आपको पता भी नहीं चलेगा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें