अरुणाचल प्रदेश भारत के सबसे खूबसूरत राज्यों में से एक है। पूर्वोत्तर में बसा यह राज्य तीन तरफ से भूटान, चीन और म्यांमार से घिरा हुआ है। यहां के सुंदर पहाड़ और घुमावदार मार्ग यहां घूमने आने वालों का मन मोह लेते हैं। सुरम्य पहाड़, बर्फीली धुंध, प्रसिद्ध बौद्ध मठ, दर्रे और शांत झीलें मिलकर अरुणाचल प्रदेश को एक खूबसूरत पर्वतीय स्थल बनाती हैं। सर्दी के मौसम में तो यहां के निर्मल पहाड़ और लुभावने दृश्य पर्यटकों की यात्रा को यादगार बना देते हैं। 1993 में जेम्स हिल्टन ने एक उपन्यास लिखा था 'लॉस्ट होराइजन', जिसमें उन्होंने एक रहस्यमय घाटी शांगरी-ला का जिक्र किया है, जिसे अरुणाचल प्रदेश में ही कहीं बताया जाता है। उन्होंने अपनी किताब में लिखा है कि हिमालय की घाटी में दूध और मधु की छिपी हुई एक धरती है, जहां पर कोई भी बूढ़ा या कुरूप नहीं है। खैर ये तो रही उपन्यास की बात, लेकिन यहां आपको ऐसे-ऐसे अद्भुत नजारे देखने को मिलेंगे कि आपको सच में इस जगह के रहस्यमय होने का अहसास हो जाएगा। तो अगर आप भी प्रकृति की आगोश में खोना चाहते हैं और छुट्टी मनाने के लिए किसी अच्छी जगह की तलाश में हैं तो आपको अरुणाचल प्रदेश की सैर जरूर करनी चाहिए। आइए जानते हैं यहां के प्रमुख पर्यटन स्थलों के बारे में...