Hindu New Year 2025: अंग्रेजी कैलेंडर के मुताबिक, विश्व के अधिकतर देश 1 जनवरी को नया साल मनाते हैं लेकिन पंचांग के अनुसार, हिंदू नववर्ष की शुरुआत चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से होती है। इसे गुड़ी पड़वा के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन से नौ दिवसीय चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व की भी शुरुआत होती है। वर्ष 2025 में 30 मार्च को हिंदू नववर्ष मनाया जा रहा है, यानी इसी दिन गुड़ी पड़वा और नवरात्रि का पहला दिन है। इसी के साथ हिंदू कैलेंडर बदल जाएगा और विक्रम संवत 2082 का आरंभ होगा।
विक्रम संवत् की स्थापना इसी दिन सम्राट विक्रमादित्य ने की थी, जो आज भी हिंदू पंचांग का आधार है। इसी दिन विक्रम संवत को शुरू करने का भी एक धार्मिक कारण माना जाता है। मान्यता है कि ब्रह्मा जी ने इसी दिन सृष्टि की रचना प्रारंभ की थी। इसके अलावा भगवान श्रीराम का राज्याभिषेक भी इसी दिन हुआ था।
इस त्योहार को मराठी नववर्ष के रूप में भी जाना जाता है, जो मराठियों और कोंकणी हिंदुओं के लिए नए साल की शुरुआत का प्रतीक मानते हैं। गुड़ी का अर्थ होता है, भगवान ब्रह्म का ध्वज और पड़वा का अर्थ एक नया चंद्रमा चरण है। हिंदू नववर्ष की शुभकामनाएं भेजकर सभी को आज के दिन का महत्व समझाएं। साथ ही गुड़ी पड़वा और नवरात्रि का पर्व भी धूमधाम से मनाएं। यहां हिंदू नववर्ष के सुंदर संदेश दिए जा रहे हैं।