दीपिका शर्मा
रीना एक कुशल गृहिणी है, जो अपने परिवार की सेहत का पूरा ध्यान रखती है। पहले वह महंगी और कभी-कभी बासी सब्जियां खरीदने को मजबूर थी, लेकिन दो वर्ष पहले टमाटर के बढ़ते दाम देखकर उसने गमलों में टमाटर उगाना शुरू किया और धीरे-धीरे अपना किचन गार्डन तैयार कर लिया। अब न बाजार की भीड़ का झंझट है और न महंगी सब्जियों की चिंता। घर में उगी ऑर्गेनिक सब्जियां स्वादिष्ट भी हैं और सेहत के लिए लाभकारी भी। ऐसे में इस सर्दी क्यों न आप भी अपना एक छोटा-सा किचन गार्डन तैयार करें।
कौन से पौधे लगाएं
किचन गार्डन में ऐसे पौधे लगाएं, जो जल्दी बढ़ें और रोजाना के भोजन में काम आएं। आप टमाटर, हरी मिर्च, पालक, मेथी, धनिया, मूली और गाजर जैसे पौधे आसानी से उगा सकती हैं। ये पौधे माइक्रोग्रीन्स के रूप में भी इस्तेमाल होते हैं और बेहद पौष्टिक होते हैं। हर्ब्स के लिए तुलसी, पुदीना, धनिया और लेमनग्रास अच्छे विकल्प हैं। बेल वाली सब्जियां, जैसे कि लौकी और कद्दू ट्रेलिस के सहारे आसानी से बढ़ती हैं। इसके अलावा गोभी और ब्रोकली भी घर में आसानी से उगाई जा सकती हैं। ये सभी पौधे कम जगह और कम खर्च में उग जाते हैं।