Janmashtami 2025: जन्माष्टमी आ गई है। 16 अगस्त को जन्माष्टमी है। इस दिन श्रीकृष्ण का जन्म हुआ था। ऐसे में हर साल जन्माष्टमी की तिथि पर लोग कृष्ण के बाल स्वरूप की पूजा करते हैं और प्रतिकात्मक रूप से लड्डू गोपाल का जन्म कराते हैं। लड्डू गोपाल के जन्मदिन के मौके पर घर में पूजा पाठ का आयोजन होता है। साथ ही कई सारी तैयारियां की जाती हैं। घर में किसी बच्चे का जन्मदिन हो तो सजावट से लेकर पकवान तक सब कुछ तैयार किया जाता है। ऐसे में जन्माष्टमी के मौके पर भी घरों में बाल गोपाल की पसंद के पकवान बनते हैं। साथ ही घर व मंदिर की खास सजावट की जाती है। लोग इस मौके पर झांकी सजाते हैं। हालांकि अब वक्त कम बचा है और इतने कम समय में सारी तैयारियां करना और सजावट पूरी करना आसान नहीं होगा। ऐसे में कुछ आसान और सुंदर तरीकों से आप अपने घर के मंदिर को आकर्षक बना सकते हैं।
सामान की लिस्ट बनाएं
सबसे पहले तो जन्माष्टमी की पूजा, भोग, सजावट और लड्डू गोपाल के श्रृंगार के लिए जिन चीजों की आवश्यकता है, उसे एकत्र करें। इसके लिए जरूरी सामान की एक लिस्ट बनाएं और इसी लिस्ट के मुताबिक खरीदारी करें।
Janmashtami 2025: जन्माष्टमी की पूजा में इन चीजों की होती है जरूरत, बना लें सामग्री की लिस्ट
सजावट के लिए थीम
आपको कैसी सजावट करनी है, ये तय कर लें। जैसे बाल गोपाल का जन्म दिखाना है तो मथुरा जेल, उनकी बाल लीलाएं दिखाने के लिए ग्वाल-बाल, गाय, पेड़ पौधें और मुरली, राधा-कृष्ण थीम दिखानी है तो सुंदर फूल और नजारे, मोरपंख थीम या गोवर्धन पर्वत थीम पर भी सजावट कर सकते हैं। सजावट के लिए रंग-बिरंगे कपड़े, पर्दे और फूलों का उपयोग कर माहौल को उत्सवमय बनाएं।
फूल और तोरण
सजावट के लिए ताजे गेंदे और गुलाब के फूलों का उपयोग कर सकते हैं। मंदिर को फूलों की माला से सजाएं। साथ ही आम या केले के पत्ते, तुलसी के पौधे से भी सजा सकते हैं। पारंपरिक सजावट में तोरण का उपयोग भी किया जाता है।
लाइटिंग से सजाएं
अगर आपको पूरा घर या मंदिर सजाना है लेकिन इतनी सजावट के लिए समय और पैसे दोनों कम है तो लाइटिंग का इस्तेमाल करें। दीपावली वाली एलईडी फेयरी लाइट्स, रंगीन झालर और दीयों से मंदिर को रोशन करें। हल्की पीली और सुनहरी रोशनी कृष्ण की मूर्ति को और निखार देती है।
झूला सजाएं
जन्माष्टमी में श्रीकृष्ण को झूला झुलाया जाता है। ऐसे में अगर आपके पास झूला है तो उसे फूलों, गोटा पट्टी आदि से सजाएं। अगर झूला या पालना न हो तो आसानी से DIY झूला तैयार कर सकते हैं। लड्डू गोपाल के लिए छोटे झूले को मोतियों, कपड़े और फूलों से सजाएं। झूले में रंग-बिरंगी रिबन और मोरपंख जरूर लगाएं।
रंगोली बनाएं
पारंपरिक सजावट में रंगोली सबसे अधिक लोकप्रिय और सस्ता व सुंदर तरीका है। आप घर के द्वार, आंगन, मंदिर में सुंदर सी रंगोली बना सकते हैं। रंग बिरंगे फूलों से, रंगीन चावल से या रेत से जन्माष्टमी विशेष रंगोली डिजाइन बनाएं।