हिंदी दिवस 2024: भारत में अनेक भाषाएँ बोली जाती हैं, जो देश की सांस्कृतिक धरोहर को समृद्ध करती हैं। हर राज्य की अपनी राजभाषा और लिपि है, लेकिन हिंदी वह भाषा है जो देश के आधे से ज्यादा हिस्से को आपस में जोड़ती है। हिंदी अधिकतर भारतीयों की मातृभाषा है और यद्यपि इसे राष्ट्रभाषा का आधिकारिक दर्जा नहीं मिला है, लेकिन हिंदी को संविधान में राजभाषा के रूप में मान्यता दी गई है। हिंदी की व्यापकता और इसकी उपयोगिता को बनाए रखने के लिए सरकारी दफ्तरों में कामकाज अधिकतर हिंदी में ही होता है।
हालांकि, समय के साथ अंग्रेजी का प्रयोग बढ़ा है, लेकिन हिंदी के प्रचार-प्रसार और इसके महत्व को बनाए रखने के लिए हर साल हिंदी दिवस मनाया जाता है। हिंदी दिवस का उद्देश्य न केवल भारत में बल्कि विदेशों में भी हिंदी के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इसी कड़ी में हिंदी दिवस को विशेष रूप से मनाया जाता है, लेकिन अक्सर लोग इस बात को लेकर असमंजस में होते हैं कि हिंदी दिवस कब मनाया जाता है। इस असमंजस का कारण है कि हिंदी दिवस से जुड़ी दो महत्वपूर्ण तिथियां हैं, 10 जनवरी और 14 सितंबर। आइए जानते हैं इन दोनों तिथियों के बीच का अंतर और भारत में हिंदी दिवस कब मनाया जाता है।