रीढ़, शरीर की सबसे महत्वपूर्ण हड्डियों में से एक है। रीढ़ की हड्डी शरीर की मुद्रा को ठीक बनाए रखने के साथ संरचनात्मक और बेहतर संतुलन प्रदान करने में सहायक होती है। हालांकि पिछले कुछ वर्षों में इससे संबंधित विकार बढ़ते हुए देखे जा रहे हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, बिगड़ती लाइफस्टाइल के कारण रीढ़ को काफी नुकसान पहुंच रहा है। इसके कारण गर्दन से लेकर कमर तक के हिस्सों में दर्द और तंत्रिकाओं की कई तरह की समस्याओं के बढ़ने का खतरा हो सकता है। ग्लोबल बर्डन ऑफ डिजीज के अनुसार, पीठ के निचले हिस्से में दर्द दुनियाभर में तेजी से बढ़ती समस्या है, इसके लिए रीढ़ की समस्याओं को प्रमुख कारण माना जा रहा है।
रीढ़ की बढ़ती दिक्कतों के जोखिम और इससे बचाव के उपायों के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए हर साल 16 अक्तूबर को वर्ल्ड स्पाइन डे मनाया जाता है।
डॉक्टर्स कहते हैं, लाइफस्टाइल की गड़बड़ी ने सभी उम्र के लोगों में रीढ़ की समस्याओं को बढ़ा दिया है। इस बारे में विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है क्योंकि इस तरह की समस्याओं के कारण आपके जीवन की गुणवत्ता भी प्रभावित हो सकती है। आइए जानते हैं कि रीढ़ की हड्डी की समस्याएं क्यों बढ़ रही हैं और इससे बचाव के लिए क्या किया जा सकता है?