दुनिया के कई हिस्सों में ढाई साल से अधिक समय से जारी कोरोना महामारी के बीच इस साल कई तरह के और भी संक्रमण के मामले बढ़े हुए देखे गए हैं। भारत सहित कई देशों में कोरोना के नए वैरिएंट्स के साथ मंकीपॉक्स और टोमैटो फीवर के भी मामले रिपोर्ट किए गए। इस तरह के संक्रमण को विशेषज्ञ काफी गंभीर जटिलताओं वाला मानते हैं। क्या हो अगर किसी व्यक्ति में एक साथ कोविड-19, मंकीपॉक्स और कोई अन्य बीमारी हो जाए?
हाल ही में ऐसे ही एक अचंभित कर देने वाले मामले में, इटली के एक व्यक्ति में एक ही समय पर कोविड-19, मंकीपॉक्स और एचआईवी संक्रमण के बारे में पता चला है। यह दुनिया का पहला डॉक्यूमेंटेड केस है जिसमें किसी व्यक्ति में एक साथ ये तीनों संक्रमण देखे गए हैं।
मेडिकल रिपोर्टस में डॉक्टर्स बताते हैं, यह अपने आपमें अनोखा केस है जहां पर व्यक्ति को एक ही समय में तीन गंभीर बीमारियों का शिकार पाया गया है। 36 वर्षीय इस युवक में कई तरह के लक्षणों की शिकायत के बाद जांच के आधार पर इसकी पुष्टि की गई है। संक्रमित की हाल ही में कई देशों की यात्रा का इतिहास भी रहा है, साथ ही उसने स्वीकारा है कि विदेश यात्रा के दौरान उसके कई लोगों के साथ असुरक्षित यौन संबंध भी रहे थे। फिलहाल वह अस्पताल में भर्ती है, डॉक्टरों के मुताबिक उसमें कोविड-19 और मंकीपॉक्स के लक्षण ठीक हो रहे हैं।
इस मामले में बड़ा सवाल यह है कि एक साथ इन तीन बीमारियों का शरीर पर किस प्रकार से असर हो सकता है, यह कितनी गंभीर समस्याओं का कारण बनती है, आइए इस बारे में विस्तार से समझते हैं।