Male Depression Symptoms: विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस हर साल 10 अक्तूबर को मनाया जाता है, इस दिन को मनाने का उद्देश्य लोगों के बीच में मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी चुनौतियों के बारे में लोगों को जागरूक करना है। समाज में पुरुषों को अक्सर एक ऐसे 'मजबूत' स्तंभ के रूप में देखा जाता है जो हर मुश्किल का सामना बिना किसी भावना को प्रकट किए कर सकता है। इसी सोच के चलते जब वे मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं का शिकार होते हैं, तो वे अपनी भावनाओं और लक्षणों को छिपाने की कोशिश करते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार यह छिपाना उनके लिए और भी खतरनाक हो सकता है, क्योंकि इससे समस्या की गंभीरता बढ़ती जाती है और सही समय पर इलाज मिलना मुश्किल हो जाता है।
पुरुषों के लिए डिप्रेशन के लक्षणों को पहचानना इसलिए भी मुश्किल होता है क्योंकि उनके लक्षण महिलाओं से अलग दिख सकते हैं। वे अक्सर अपनी उदासी को गुस्सा, चिड़चिड़ापन, या अत्यधिक थकान के रूप में व्यक्त करते हैं। इसके अलावा सामाजिक दबाव और खुद को कमजोर न दिखाने की प्रवृत्ति उन्हें मदद मांगने से रोकती है।
इसी बारे हमने और अधिक जानकारी के लिए गुड़गांव के निजी अस्पताल के मनोचिकित्सक डॉ. आशीष मित्तल से बात की। उन्होंने बताया कि पुरुष अक्सर अपनी भावनाओं को अंदर ही दबा लेते हैं, जिससे उनकी शारीरिक और मानसिक सेहत पर बुरा असर पड़ता है। सामान्य तौर पर उनमें कुछ लक्षण दिखते हैं जिसके बारे में आपको भी जानना चाहिए।