मानसिक स्वास्थ्य समस्याएं वैश्विक स्तर पर गंभीर चिंताओं में से एक हैं। साल 2019 के आंकड़ों के अनुसार हर आठ में से एक व्यक्ति या दुनियाभर में 970 मिलियन (97 करोड़) से अधिक लोग मानसिक विकार, चिंता और अवसाद के शिकार थे। कोविड-19 महामारी के दौरान उत्पन्न नकारात्मक परिस्थितियों ने इस खतरे को और भी बढ़ा दिया है। स्ट्रेस-एंग्जाइटी और डिप्रेशन जैसी समस्याएं साल-दर-साल बढ़ती जा रही हैं।
मानसिक स्वास्थ्य को लेकर लोगों को शिक्षित और जागरूक करने के साथ सामाजिक कलंक की भावना दूर के लिए हर साल 10 अक्तूबर को विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस (World Mental Health Day) मनाया जाता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, मेंटल हेल्थ का ध्यान रखना उसी तरह जरूरी है जैसा कि आप शरीर का ध्यान रखते हैं। शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य एक दूसरे पर निर्भर हैं, दोनों में से एक में भी होने वाली समस्या संपूर्ण स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकती है।
मेंटल हेल्थ के संदर्भ में डिप्रेशन (अवसाद) काफी चर्चित शब्द रहा है। पर क्या आप जानते हैं कि डिप्रेशन होता क्या है, इसकी पहचान कैसे की जा सकती है और यदि किसी को डिप्रेशन हो जाए तो क्या करना चाहिए?