तेजी से बढ़ते मानसिक विकार वैश्विक स्वास्थ्य के लिए बड़ा जोखिम हैं, समय के साथ इसका खतरा और भी बढ़ता जा रहा है। हालिया अध्ययनों में पाया गया है कि 15 साल से कम आयु वाले भी इसके शिकार होते जा रहे हैं। लाइफस्टाइल-आहार में गड़बड़ी को इन विकारों का प्रमुख कारण माना जाता रहा है, कुछ पर्यावरणीय और सामाजिक परिस्थितयां भी जोखिमों को बढ़ाने वाली हो सकती हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को अपने मन को स्वस्थ रखने के लिए निरंतर प्रयास करते रहने की सलाह देते हैं।
मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं के बारे में बने सामाजिक स्टिग्मा को दूर करने और मन को स्वस्थ रखने के तरीकों के बारे में लोगों को शिक्षित करने के लिए हर साल 10 अक्तूबर को विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस मनाया जाता है।
मानसिक स्वास्थ्य के जोखिमों को लेकर किए गए एक हालिया अध्ययन में शोधकर्ताओं ने बड़ा दावा किया है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों की टीम ने बताया, वैसे तो मानसिक स्वास्थ्य विकारों का शिकार कोई भी हो सकता है, पर उच्च शिक्षित वर्ग में इन रोगों का खतरा अधिक हो सकता है। आइए जानते हैं कि आखिर इसके क्या कारण हो सकते हैं?